हेमंत सोरेन को ED ने किया गिरफ्तार, अब हाईकोर्ट पहुंचे पूर्व CM; राहुल-खरगे भाजपा पर बरसे
प्रवर्तन निदेशालय ने कथित भूमि धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सात घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद बुधवार को झामुमो नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। अपनी गिरफ्तारी से पहले, सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को झारखंड के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया और फिर उन्हें यहां ईडी कार्यालय ले जाया गया। सूत्रों ने दावा किया कि 48 वर्षीय सोरेन पूछताछ के दौरान अपने जवाबों में आनाकानी कर रहे थे। इसलिए उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों ने कहा कि उम्मीद है कि ईडी सोरेन को यहां एक विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष पेश करेगी और एजेंसी हिरासत में पूछताछ के लिए उसकी रिमांड की मांग करेगी। एजेंसी ने मामले में दूसरे दौर की पूछताछ के दौरान सोरेन से 15 सवाल पूछे। उनसे पहली बार 20 जनवरी को पूछताछ की गई थी।
तानाशाही से लोकतंत्र को अगर बचाना है तो भाजपा को हराना होगा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जो मोदी जी के साथ नहीं गया, वो जेल जाएगा। हेमंत सोरेन पर ED लगाकर उनका त्यागपत्र देने को मजबूर करना संघवाद की धज्जियां उड़ाना है। पीएमएलए के प्रावधानों को कठोर बनाकर विपक्ष के नेताओं को डराना-धमकाना, भाजपा की टूल किट का हिस्सा है। षड्यंत्र के तहत एक-एक करके विपक्ष की सरकारों को अस्थिर करने का भाजपाई काम जारी है। भाजपा की वॉशिंग मशीन में जो चला गया, वो सफेदी की चमकार से साफ है, जो नहीं गया वो दागदार है? तानाशाही से लोकतंत्र को अगर बचाना है तो भाजपा को हराना होगा। हम डरेंगे नहीं, संसद से सड़क तक लड़ते रहेंगे।
भाजपा की ‘विपक्ष मिटाओ सेल’: राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो, आयकर आदि अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं, अब यह भाजपा की ‘विपक्ष मिटाओ सेल’ बन चुकी हैं। खुद भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है।
हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की
ईडी के समन के खिलाफ हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई कल सुबह 10:30 बजे होगी।
चंपई सोरेन ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया
राजभवन पहुंचकर चंपई सोरेन ने नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद चंपई सोरेन ने कहा कि हमने राजभवन से शपथग्रहण का समय मांगा है। अब तक हमें समय नहीं दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द से हमें शपथ लेने के लिए बुलाया जाएगा।
हमारे साथ 47 MLA: कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने कहा, "हेमंत सोरेन ने अपने सीएम पद से इस्तीफा दिया है और हम लोगों ने अपना दावा पेश किया। हमारे साथ 47 MLA हैं...हम लोगों ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
चंपई सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे
चंपई सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि विधायक दल के रूप में चंपई सोरेन को हमने चुन लिया है, राज्यपाल से निवेदन है कि उन्हें शपथ दिलाएं। ED कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम सोरेन से पूछताछ कर रही थी।