Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भगवान राम दिन में ओरछा में रहते हैं और रात में अयोध्या जाते हैं :शिवराज

अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवाड़ी जिले के ओरछा आएंगे। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी रविवार रात ओरछा पहुंच गए हैं। दोनों राजाराम का पूजन करेंगे। इधर दोनों ने रविवार को भजन गाए। जारी कार्यक्रम के मुताबिक डॉ. मोहन यादव 22 जनवरी को सुबह 10.40 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे तथा 11.50 बजे ओरछा स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 11:55 बजे श्री राम राजा मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना करेंगे। वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेकर दोपहर 12.50 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। निवाड़ी भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश अयाची ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को ओरछा पहुंच गए हैं। सोमवार सुबह वे मुख्यमंत्री के साथ मंदिर में आयोजित भजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ वे विधि विधान से पूजा अर्चना करेंगे। शिवराज सिंह चौहान शाम तक ओरछा में रहेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया इसके साथ टीकमगढ़ लोकसभा से सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

सीेएम ने गाए भजन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव कल अयोध्या में राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले भोपाल में एक 'राम भजन' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भी भजन गाए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी थे। सीएम ने इस दौरान झालर बजाई तो वीडी शर्मा मंझीरे बजाते दिखे। 

शिवराज ट्रेन में गाते रहे भजन
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह रामलला की प्रतिष्ठा के दिन ओरछा में भगवान श्री राम की पूजा और अर्चना करेंगे। वे ट्रेन से भजन गाते हुए ओरछा जा रहे हैं। उनके ट्रेन में भजन गाते वीडियो सामने आए हैं। शिवराज ने इस दौरान कहा कि 500 साल बाद हम सौभाग्यशाली हैं जो वह दिन देख रहे हैं कि जिस दिन दिव्या और भव्य मंदिर में रामलला विराजमान होने वाले हैं। करोड़ों करोड़ भारतीयों का संघर्ष सफल हुआ। जहां धर्म होता है वहीं विजय होती है। हम सब हर्षित हैं उल्लासित हैं देश प्रफुल्लित है, प्रसन्न है। फिर से दीपावली मनाई जा रही है।अयोध्या नहीं जाने के सवाल पर वे बोले कि अयोध्या में काफी लोग हैं और इस समय ज्यादा लोगों का जाना उचित नहीं है। लेकिन ओरछा में आपको पता है, भगवान राम दिन में  ओरछा में रहते हैं और रात में अयोध्या जाते हैं यह हम लोगों का विश्वास है।

Share This News :