अयोध्याधाम में भेंट हुई तो साध्वी ऋतंभरा और पवैया हुए भाव-विह्वल
श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाली साध्वी ऋतंभरा और बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया रामलला जू के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्याधाम पहुंचे हैं। पवैया ने रविवार सुबह साध्वी से सौजन्य भेंट की। साध्वी व पवैया एक-दूसरे के सामने नि:शब्द खड़े थे। राममंदिर निर्माण का सपना साकार होने पर दोनों के नेत्रों से खुशी की अश्रुधारा धारा बहने लगी।तीर्थ क्षेत्र के विशेष आमंत्रण पर साध्वी व पवैया को अयोध्याधाम में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का साक्षी बनने का सौभाग्य मिला है। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में साध्वी ऋतंभरा ने सनातनियों को जागृत करने में अहम भूमिका निभाई। आंदोलन के मंचों से साध्वी के शब्द सनातनियों के स्वाभिमान को जागने के लिए दिल तक प्रहार करते थे। दूसरी तरफ जयभान सिंह पवैया ने देश के युवाओं को श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी।