नाव पलटी, दो शिक्षकों समेत 16 की मौत
गुजरात के वडोदरा की हरणी मोटनाथ झील में बच्चों को ले जा रही एक नाव पलट गई। वड़ोदरा पुलिस ने बताया कि हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 14 बच्चे और दो शिक्षक शामिल हैं। नाव में 27 बच्चे सवार थे, जोकि पिकनिक मनाने जा रहे थे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुर्घटना पर शोक जताया है।मिली जानकारी के मुताबिक, वडोदरा के न्यू सनराइज स्कूल के 23 बच्चे और 4 शिक्षक पिकनिक मनाने के लिए हरणी झील गए थे। लोगों का कहना है कि सेल्फी लेने के लिए सभी बच्चे और शिक्षक नाव में एक ओर पहुंच गए। इससे नाव बेकाबू होकर पलट गई। नाव में सवार बच्चे और शिक्षकों ने लाइफ जैकेट भी नहीं पहनी थी। उनकी आवाज सुनकल आस-पास के लोग बचाने के लिए दौड़े। जब तक बचाव और राहत टीमें वहां पहुंची तब तक कई बच्चों को बचाया जा चुका था। बचाव और राहत कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (एनडीआरएफ) और फायर ब्रिगेड के साथ ही अन्य एजेंसियों को भी लगाया गया।
हादसे के बाद गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल वडोदरा के उस अस्पताल पहुंचे जहां नाव पलटने की घटना से बचाए गए लोगों को भर्ती कराया गया है। वहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इससे पहले वे घटनास्थल पर भी पहुंचे थे। उन्होंनेहादसे में प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद देने की घोषणा की है।