सीटों का सही बंटवारा होगा, भाजपा को हराएगा इंडी गठबंधन :अखिलेश यादव
जबलपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह उम्मीद जताई कि आगामी लोकसभा चुनाव में आइएनडीआइए के घटक दलों में सीटों का उचित बंटवारा होगा, साथ ही दावा किया कि चुनाव में आइएनडीआइए भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर कर देगा।अखिलेश एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को मध्य प्रदेश के शहर जबलपुर आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये सारी बातें अब पुरानी हो चुकी हैं। हम सब साथ हैं और आगे बढ़ रहे हैं। अयोध्या में प्राणप्रतिष्ठा समारोह को लेकर कहा कि कुछ लोग प्रचार-प्रसार कर रहे हैं वे राम राज्य के बारे में सोचेंगे, लेकिन देश संविधान के हिसाब से चलेगा, उसे ही राम राज्य माना जाएगा।विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव भारतीय संविधान की प्रस्तावना के पहले पेज को डिजाइन करने वाले राममनोहर सिन्हा के ब्योहार बाग स्थित घर पहुंचे। सिन्हा के स्वजन से मुलाकात की। सपा अध्यक्ष का अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा जबलपुर के पदाधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह यादव, विनीता यादव, कमलेश यादव, प्रभा यादव, युवा शहर अध्यक्ष शशांक यादव, रामरतन यादव, घनश्याम यादव उपस्थित थे।