इंदौर के राजवाड़ा पर 12 जनवरी को रचेगा इतिहास
इंदौर। अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में सर्व मराठी भाषी संघ द्वारा स्वराज्य स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। रामलला के स्वागत में 12 जनवरी को लगभग 10 हजार महिलाएं राजवाड़ा पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी। उसके बाद स्वराज्य स्वाभिमान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा राजवाड़ा से शुरू होगी और जिजाऊ चौक तीन पुलिया पर संपन्न होगी।
जिजाऊ जयंती पर हो रहे इस आयोजन में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। सर्व मराठी भाषी संघ की अध्यक्ष स्वाति युवराज काशिद ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सर्व मराठी भाषीय समाजजन को एकत्र करना और शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज्य के इतिहास से अवगत करवाना है।
युवतियों को दे रहे शस्त्र का प्रशिक्षण
महिलाओं और युवतियों पर बढ़ते अत्याचार को देखते हुए संस्था द्वारा छह दिवसीय शस्त्र कला प्रशिक्षण के साथ जिजाऊ जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें महिलाएं, युवतियां व बच्चे लाठी, दानपट्टा, तलवारबाजी, ढोल-लेजिम, ध्वजपथक का निशुल्क प्रशिक्षण ले रहे हैं।