पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में, मंगलवार को बरसेंगे बदरा
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को खिली धूप ने ठंड से मामूली राहत दी। करीब एक सप्ताह बाद धूप के कारण लोग बाहर घूमते हुए नजर आए। वहीं शाम होते ही ठंडी हवाओं के कारण ठंडक महसूस हुई। रात होते ही ठिठुरन भी बढ़ गई। आने वाले दिनों में बूंदा-बांदी के बाद तापमान में फिर से गिरावट का अनुमान है .प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो शनिवार के मुकाबले करीब तीन डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। दिल्ली का जाफरपुर इलाका रविवार को सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली के अधिकतर इलाकों में दिन सामान्य रहा। सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। इस दौरान अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में पूरे सप्ताह सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। नौ जनवरी को हल्की बारिश या बूंदा-बांदी का अनुमान है।