गुना बस हादसा: परिवहन आयुक्त, जिला कलेक्टर, एसपी का तबादला
गुना जिले में हुई बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को राज्य परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा, जिला कलेक्टर तरुण राठी और पुलिस अधीक्षक विजय खत्री के तबादले के आदेश दिए हैं।गुना के अस्पताल में जाकर घायल व्यक्तियों से मुलाकात कर वापस भोपाल लौटे यादव ने एक बयान में कहा कि यह एक ‘दिल दहला देने वाली घटना’ थी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।गुना जिले में बुधवार रात बस और डंपर की टक्कर में 13 लोगों की जलकर मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टर और अन्य संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक परिवहन वाहनों के परमिट और अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच करके यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि ऐसी घटना न हों।प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह से परिवहन विभाग का प्रभार लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) राजेश राजौरा को दे दिया गया।इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री यादव ने मामले में लापरवाही के आरोप में गुना के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया और मुख्य नगर अधिकारी वी डी कतरोलिया को निलंबित करने का आदेश दिया।