DGP पहुंचे औबेदुल्लागंज थाने, पुलिस कार्यप्रणाली से हुए नाराज, कमियां सुधारने निर्देश दिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस मुख्यालय में बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को रात में औचक निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में बुधवार की रात डीजीपी से लेकर एसपी तक के समस्त पुलिस अधिकारियों ने पूरे मध्य प्रदेश के थानों का एक साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बीती रात पूरे प्रदेश में आईजी से लेकर एसपी तक के समस्त पुलिस अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र के 125 से अधिक थानों का औचक निरीक्षण किया। डीजीपी रात एक बजे औबेदुल्लागंज, ढाई बजे बिलखिरिया और प्रात: चार बजे टीटी नगर थाने के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। टीटी नगर थाने में डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों की बैठक भी ली।
प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश :
डीजीपी सुधीर सक्सेना ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात औबेदुल्लागंज, बिलखिरिया और भोपाल के टीटी नगर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का गहनता से अवलोकन कर बड़ी संख्या में खड़े वाहनों को देखकर विधिसम्मत निराकरण के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने थानों में लॉकअप, महिला सुरक्षा डेस्क तथा सीसीटीएनएस कार्य का निरीक्षण किया और मालखाने में अनावश्यक रूप से पड़े सामान के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। डीजीपी ने वारंट रजिस्टर का अवलोकन कर समन तथा वारंटों की तामीली की समीक्षा की एवं तामीली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने औबेदुल्लागंज और बिलखिरिया थाने के विभिन्न ग्रामों की विलेज क्राइम नोटबुक का अवलोकन किया तथा ग्रामीण अंचलों की आपराधिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
डीजीपी ने रात एक बजे औबेदुल्लागंज थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने औबेदुल्लागंज थाने में समन वारंट की तामीली की समीक्षा की और वारंट रजिस्टर के उचित संधारण के निर्देश दिए। इस संबंध में थाने की कार्यप्रणाली पर अप्रसन्नता व्यक्त की। यहां डीजीपी ने स्वयं कंप्यूटर का संचालन कर आईसीजेएस की समीक्षा की। यहां उन्होंने मालखाने का भी अवलोकन किया। उन्होंने थानों की केस डायरी की समीक्षा की एवं एसडीओपी द्वारा विवेचना किए जा रहे प्रकरणों की समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए।