Home > अपना शहर ,
जनप्रतिनिधि भी नगर उदय अभियान में सक्रिय भूमिका निभायें – श्री बिसेन

प्रभारी मंत्री नगर उदय अभियान का जायजा लेने पहुँचे 

नगर उदय अभियान में जनप्रतिनिधिगण भी सक्रिय भागीदारी निभायें, जिससे कोई भी जरूरतमंद हितग्राही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। यह बात जिले के प्रभारी एवं किसान कल्याण व कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कही। श्री बिसेन ने बुधवार को कांचमिल स्थित अमर शहीद पं. रामप्रसाद बिस्मिल सभागार में नगर उदय अभियान के तहत आयोजित हुई वार्ड सभा को संबोधित कर रहे थे। वार्ड सभा में शहर के वार्ड क्रं.12, 16 व 17 के निवासी शामिल हुए।

      इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांग पेंशन योजना के तहत प्रतीक स्वरूप पाँच हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र सौंपे। समारोह में कुल मिलाकर 50 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति के प्रमाण-पत्र बांटे गए।  

नगर उदय अभियान के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा व दिव्यांग पेंशन योजनाओं, हाथ ठेला व घरेलू कामकाजी महिलाओं के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं से सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जाना है। साथ ही रोजगारमूलक योजनाओं से भी जरूरतमंदों को जोड़ा जायेगा। अपने क्षेत्र की जनता की भलाई के लिये जनप्रतिनिधिगण इस अभियान से जरूर जुड़ें।

प्रधानमंत्री द्वारा देश हित में लिए गए ऐतिहासिक विमुद्रीकरण के निर्णय की इस मौके पर श्री बिसेन ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकास के नये द्वार खुलेंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर ही प्रथम चरण में देश के एक करोड़ 18 लाख लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी जिससे गरीबी रेखा के नीचे जिंदगी बसर कर रहीं लाखों महिलाओं को रसोई गैस के कनेक्शन दिए जा सके हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों से मध्यप्रदेश गेहूँ उत्पादन में देश के अग्रणी दो राज्यों में शुमार हुआ है।

      प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने ग्वालियर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की कड़ी में सार्वजनिक वाउण्ड्रीवॉल इत्यादि पर की जा रहीं पेंटिंग की सराहना की। श्री बिसेन ने पं. रामप्रसाद बिस्मिल सभागार परिसर की एक दीवार पर उकेरी जा रही एक पेंटिंग में कूची से रंग भरे। उन्होंने नगर निगम की ओर से शहर की दीवारों को पेंटिंग से सुसज्जित कर रहे आर्टिस्ट पेंटर सहकारी संस्था को मंत्री स्वेच्छानुदान से 20 हजार रूपए का पारितोषिक देने की घोषणा भी इस मौके पर की।

      कार्यक्रम में श्री देवेश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि ग्वालियर जिले में समग्र स्वच्छता मिशन और नगर उदय अभियान के तहत चलाई जा रहीं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती राजकुमारी भारती व श्रीमती अनीता कुशवाह, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड के अध्यक्ष श्री के पी सिंह भदौरिया, राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री अरूण सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी व श्री जगराम सिंह कुशवाह मंचासीन थे।

ग्वालियर बनेगा पहला पूर्ण ओडीएफ जिला, प्रभारी मंत्री ने की सराहना 

प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने समग्र स्वच्छता मिशन के तहत ग्वालियर जिले में हुए प्रयासों की इस मौके पर खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि ग्वालियर जिला मध्यप्रदेश का पहला खुले में शौच मुक्त जिला बनने जा रहा है। संभवत: गणतंत्र दिवस तक यह लक्ष्य प्राप्त हो जायेगा। श्री बिसेन ने इसके लिये जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त व जिला पंचायत के सीईओ सहित सम्पूर्ण जिलेवासियों के प्रति आभार जताया।

    

Share This News :