Home > अपना शहर ,
प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सर्किट हाउस में की चर्चा

प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने बुधवार को व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में प्रात: जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने चर्चा के दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली तथा शहर की कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की प्रगति को जाना।

      मुरार सर्किट हाउस में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ला, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री से भेंट कर जिले के विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

      इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भी प्रभारी मंत्री से भेंट कर जिले में संचालित की जा रहीं योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में प्रगति से अवगत कराया। संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने प्रभारी मंत्री को जिले में संचालित नगर उदय अभियान, ग्वालियर व्यापार मेला सहित विकास के विभिन्न कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी दी।

      प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने अधिकारियों से जिले की कानून व्यवस्था तथा शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित नगर उदय अभियान के तहत सभी जनप्रतिनिधि क्षेत्र में जाकर शासन की योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने का कार्य करें। विभागीय अधिकारी भी इस अभियान को गंभीरता से क्रियान्वित करायें। अभियान के दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

Share This News :