Home > अपना शहर ,
सातवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को भी किया जायेगा सम्मानित

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार सातवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी 2017 के अवसर पर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किए जाने हेतु जिले के विभिन्न शासकीय-अशासकीय महाविद्यालय और विद्यालय स्तर पर प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी।

     उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर सी मिश्रा ने बताया कि महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर पर निबंध, वाद-विवाद, स्लोगन, चित्रकला आदि प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। महाविद्यालय स्तर पर निबंध के लिये विषय “मजबूत लोकतंत्र में युवा एवं भावी मतदाता की भूमिका”, वाद विवाद का विषय “भावी मतदाता एवं सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग”, चित्रकला का विषय “चुनाव में महिलाओं की भागीदारी का महत्व” विषय पर होगी। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर निबंध का विषय “लोकतंत्र में महिलाओं एवं युवाओं का सशक्तिकरण”, वाद-विवाद में “युवा एवं भावी मतदाता प्रजातंत्र की रीढ़ है” विषय रहेगा। इसके साथ ही स्लोगन प्रतियोगिता में “नैतिक मतदाता में भावी मतदाता की भूमिका” और चित्रकला में “आदर्श मतदान केन्द्र” विषय रहेगा। संबंधित संस्था प्रमुख इन प्रतियोगिताओं के नोडल अधिकारी रहेंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय गोयल ने सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्रमुखों से अपेक्षा की है कि अपनी-अपनी संस्थाओं में प्रतियोगितायें आयोजित कर परिणाम 8 जनवरी 2017 तक प्राचार्य शासकीय पद्मा राजे कन्या उ.मा.विद्यालय सह नोडल अधिकारी जिला स्तरीय प्रतियोगिता को अनिवार्यत: उपलब्ध करायें।

Share This News :