Home > राज्यो से ,
मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह में आएंगे मोदी-शाह, सीएम और दो डिप्टी सीएम लेंगे शपथ

मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में  होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री पद की और राजेंद्र शुक्ला तथा जगदीश देवड़ा को उप मुख्यमंत्री पद शपथ दिलाएंगे। हालांकि, कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। 
शपथ ग्रहण समारोह के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में डोम बनाया गया है। इसमें दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई। वहीं, मंच पर भी एक दर्जन से अधिक नेता मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री समेत अन्य दिग्गज नेताओं के लिए लाल परेड मैदान पर ही तीन हैलीपेड बनाए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11.30 बजे से 12.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। प्रधानमंत्री दो घंटे कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके बाद करीब एक बजे रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। 

कार्यवाहक सीएम शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शपथ समारोह की तैयारी के लिए लाल परेड ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री और विशिष्ठ अतिथि पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अभी कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि यहां आयोजन की व्यवस्था सभी के साथ मिलकर ठीक हो और गरिमापूर्ण समारोह में हमारे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शपथ लें। मेरी ड्यूटी है कि सभी व्यवस्था देखें। हम सभी साथ हैं। हमारे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा संगठन की तरफ से व्यवस्था देख रहे हैं। वहीं, मनोनीत मुख्यमंत्री भी व्यवस्था देख रहे हैं। 

Share This News :