Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कौन बनेगा सीएम, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जल्द ले सकता है फैसला

 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद अब सभी की इस बात का इंतजार है कि पार्टी किसे मुख्यमंत्री बनाती है। इस बीच आज भाजपा संसदीय दल की बैठक हो रही है। उधर मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीते सांसदों ने बुधवार को संसदीय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, राकेश सिंह और रीती पाठक शामिल हैं। उधर शिवराज सिंह चौहान लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग गए हैं कल छिंदवाड़ा पहुंचकर उन्होंने सभा की। माना जा रहा है कि जल्द ही मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी जिसके लिए केंद्रीय नेतृत्व पर्यवेक्षक भेजेगा, जो आलाकमान के निर्णय से अवगत कराएंगे।मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने वाले सांसद नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह और रीती पाठक ने बुधवार को संसदीय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, आज लोकसभा अध्यक्ष ने सभी सांसदों का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद सिंह पटेल द्वारा केंद्रीय मंत्री के पद से भी इस्तीफा देने की बात सामने आ रही है। उधर नरेंद्र सिंह तोमर के घर पर समर्थकों की भीड़ जुट रही हैं।एक तरफ सभी का ध्यान इस ओर है कि मध्य प्रदेश का सीएम कौन बनेगा, दूसरी तरफ शिवराज सिंह चौहान इसकी चिंता छोड़ लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग गए हैं। बुधवार को उन्होंने छिंदवाड़ा में सभा की और कहा कि आज से मिशन-29 की शुरुआत हो गई है। भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में पूरी 29 लोकसभा सीटें जीतना है। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा से भाजपा हार गई थी। यहां से कांग्रेस नेता कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ सांसद हैं। आज शिवराज सिंह चौहान श्योपुर दौरे पर हैं।

 

Share This News :