तीन राज्यों में जीते सांसदों ने दिया इस्तीफा, क्या किसी को मिलेगा मुख्यमंत्री बनने का मौका?
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 21 सांसदों को मैदान में उतारा था। इसमें 11 सांसदों को जीत मिली थी, जबकि 10 सांसदों को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने आज एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए अपने जीते हुए 10 सांसदों से इस्तीफा ले लिया है। इसमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, राकेश सिंह, प्रहलाद सिंह पटेल और मध्य प्रदेश के सीधी लोकसभा चुनाव क्षेत्र से सांसद रीति पाठक शामिल हैं। छत्तीसगढ़ से अरुण साव और गोमती साईं से भी इस्तीफा ले लिया गया है। भाजपा ने जीते हुए चुनावी राज्यों में अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं किया है। इससे इस बात की भी अटकलबाजी तेज हो गई है कि इनमें से कुछ लोगों को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में नरेंद्र सिंह तोमर-प्रह्लाद पटेल के नाम रेस में
दरअसल, नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश की कमान सौंपने की चर्चा जोरों पर है। केंद्रीय कृषि मंत्री रहते हुए उन्होंने काफी अच्छा काम किया है। वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के करीबी के रूप में भी देखे जाते हैं, इसीलिए इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। लेकिन चुनावों के दौरान ही एक विवादित वीडियो के सामने आ जाने के बाद उनकी दावेदारी कुछ कमजोर हो गई है।
पिछड़े समुदाय से आने वाले प्रह्लाद सिंह पटेल को भी मध्य प्रदेश के संभावित मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है। पिछड़े समुदाय से आने के कारण वे भाजपा की राजनीति को खूब सूट भी करते हैं। मध्यप्रदेश में लगभग आधी आबादी पिछड़े समुदाय की है। यही कारण है कि अनुमान है कि भाजपा इस बार भी मध्य प्रदेश में किसी पिछड़े चेहरे को ही मैदान में उतारेगी। एमपी के वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछड़े समुदाय से आने के कारण ही अब तक पार्टी की पहली पसंद बने हुए थे।