भाजपा-कांग्रेस : 80,76,70 ' उम्र ' वाले इन नेताओं का गड़बड़ाया समीकरण तो होगा सियासी पारी का 'द एंड'
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना तीन दिसंबर को होना है। इसके पहले चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस पार्टी समेत अन्य दलों के प्रत्याशी अपने समीकरण लगा रहे हैं। इस बार सबसे ज्यादा धड़कनें 70 उम्र पार कर चुके दिग्गज नेताओं की बढ़ी हुई हैं। इनमें से कई लंबे समय से चुनाव जीतते आ रहे हैं, लेकिन इस बार कड़े मुकाबले ने उनकी प्रतिष्ठा के साथ ही राजनीतिक जीवन ही दांव पर लगा दिया है। ऐसे में चर्चा है कि यदि 80, 76, 70 वर्ष की उम्र के नेताओं का चुनाव में समीकरण गड़बड़ाया तो उनका पॉलिटिकल करियर ही समाप्त हो जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी ने 70 साल से अधिक उम्र के 14 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। इनमें सतना जिले के नागौद से पूर्व मंत्री 80 वर्षीय नागेंद्र सिंह नागौद सबसे अधिक उम्र के नेता हैं। इसके अलावा रीवा जिले के गुढ़ से 79 वर्षीय नागेंद्र सिंह, दमोह से 76 वर्षीय जयंत मलैया, ग्वालियर पूर्व से 73 वर्षीय माया सिंह ,अशोक नगर जिले के चंदेरी से 75 वर्षीय जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, होशंगाबाद से 75 वर्षीय सीताशरण शर्मा, अनुपपूर से 73 वर्षीय बिसाहूलाल सिंह, राजगढ़ जिले के खिलचीपुर से 72 वर्षीय हजारीलाल दांगी, नर्मदापुरम की सिवनी मालवा सीट से 72 वर्षीय प्रेमशंकर वर्मा, शहडोल जिले के जैतपुर से 71 वर्षीय जयसिंह मरावी, सागर जिले की रेहली सीट से 71 वर्षीय गोपाल भार्गव, जबलपुर जिले के पाटन से 71 वर्षीय अजय विश्नोई, श्योपुर सीट से 71 वर्षीय दुर्गालाल विजय, बालाघाट सीट से 71 वर्षीय गौरीशंकर बिसेन शामिल हैं।
कांग्रेस में 77 वर्षीय नाहटा सबसे उम्रराज
कांग्रेस ने 70 से अधिक उम्र के नौ प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें सबसे अधिक उम्र के नीमच जिले के मनासा से चुनाव लड़ रहे 77 वर्षीय नरेंद्र नाहटा हैं। उनके बाद छिंदवाड़ा से 76 वर्षीय कमलनाथ, बदनावर से 73 वर्षीय भंवर सिंह शेखावत, अमरपाटन से 73 वर्षीय राजेंद्र कुमार सिंह, होशंगाबाद से 73 वर्षीय गिरिजाशंकर शर्मा, भिंड के लहार से 72 वर्षीय गोविंद सिंह, शिवपुरी की कोलारस सीट से 72 वर्षीय बैजनाथ सिंह, सोनकच्छ सीट से 71 वर्षीय सज्जन सिंह वर्मा और मंदसौर जिले की गरोठ सीट से 71 वर्षीय सुभाष सोजतिया को प्रत्याशी बनाया है।