पी.एम मोदी ने राजेश पायलट का जिक्र करके कांग्रेस को लगाई मिर्ची
राजस्थान विधानसभा चुनाव में राजेश पायलट का जिक्र भूचाल लेकर आ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीलवाड़ा के शाहपुरा में प्रचार के दौरान कहा कि गांधी परिवार से अदावत लेने की सजा राजेश पायलट का बेटा आज भी भुगत रहा है। राजेश पायलट के बेटे सचिन पायलट ने पीएम मोदी के बयान पर ऐतराज भी जताया। सचिन पायलट का दावा है कि पीएम मोदी का बयान तथ्यों से परे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस को उनके नेताओं के बहाने घेरने से नहीं चूकते हैं। पहले भी वह कांग्रेस को नरसिम्हा राव, जितेंद्र प्रसाद और सीताराम केसरी के साथ किए गए बर्ताव को लेकर हमला कर चूके हैं। इस बार राजेश पायलट के बारे में बयान देकर उन्होंने कांग्रेस को बैकफुट पर डालने की कोशिश की है। इस राजनीतिक बहस में यह जानना जरूरी है कि आखिर राजेश पायलट के साथ कांग्रेस ने ऐसा क्या किया था, जिसने पीएम मोदी को हमले का मौका दे दिया।
राव सरकार के मंत्री रहे मगर नहीं झुके राजेश पायलट
कांग्रेस नेता राजेश पायलट की खासियत थी कि वह मुद्दों को लेकर पार्टी और सरकार के खिलाफ हमेशा मुखर रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई बार कांग्रेस हाईकमान को अपने तेवर दिखाए, मगर पार्टी नहीं छोड़ी। राजीव गांधी की सलाह पर राजेश पायलट राजनीति में कदम रखा। 1980 में पहली बार भरतपुर से लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बने। 1984 में उन्होंने दौसा को अपना चुनाव क्षेत्र बनाया और फिर लगातार उस सीट से ही सांसद चुने गए। जून 1991 में नरसिम्हा राव की सरकार बनी तो राजेश पायलट आंतरिक सुरक्षा और संचार मंत्री बनाए गए। उन दिनों में पायलट गांधी परिवार के करीबी माने जाते थे। 90 के शुरुआती दशक में तांत्रिक चंद्रास्वामी का जादू राजनेताओं के सिर चढ़कर बोल रहा था। कहा जाता है कि चंद्रास्वामी की पहुंच तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव तक थी। राव उन्हें आध्यात्मिक गुरु मानते थे।