राहुल के बयान पर भड़की BJP, अब दिग्गी बोले- भाजपा ने मोदी जी को 'पनौती' क्यों मान लिया?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान में चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पनौती कह दिया। इस पर भाजपा नेता भड़क गए हैं। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की भाषा को अशोभनीय बताया। साथ ही माफी की मांग की ही है। अब इस पर पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का बयान सामने आया है।दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “पनौती” का क्या अर्थ है? मैंने पता लगाया। यह एक नकारात्मक शब्द है। जब कोई काम होते-होते रह जाए तो उस इंसान को 'पनौती' कह दिया जाता है। पनौती शब्द का इस्तेमाल उस व्यक्ति के लिए किया जाता है जो अपने आसपास के लोगों के लिए दुर्भाग्य या बुरी खबर लाता है, इसीलिए इसे नकारात्मक शब्द कहते हैं। विश्व कप प्रारंभ होते ही सोशल मीडिया पर यह शब्द ट्रेंड करने लगा। यह किसके लिए कहा गया? स्टेडियम में हजारों लोग थे। भाजपा ने मोदी जी को “पनौती” क्यों मान लिया? वे तो उनकी उनकी नजर में “विश्वगुरु” हैं।