सिंधिया का शाही शमी पूजन, राजशाही पोशाक में तलवार के साथ दिखे, शमी की पत्तियां लूटने मची होड़
रियासतें भले ही खत्म हो गई हों, लेकिन रियासतकालीन परंपराओं का निर्वाह ग्वालियर में आज भी जारी है। इसका उदाहरण है ग्वालियर में सिंधिया परिवार। सोमवार को दशहरा मनाया गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजशाही पोशाक में शमी पूजन किया। साथ ही अपने महल में राजशाही अंदाज में दरबार भी लगाया। इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मेरे देश और राज्य में सुख शांति हो। जीवन में खुशहाली आए, यही कामना है। साथ ही वासुदेव कुटुंब की तरह देश में अमन-चैन कायम रहे। बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने बेटे महाआर्यमन के साथ ग्वालियर के मांढरे की माता का पूजन करने पहुंचे थे। जहां वे राजशाही पोशाक में पहुंचे थे। पूजने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभी को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शमी पूजन का बड़ा महत्व है। सभी को प्रभुश्री राम के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। दशहरा प्रतीक है कि सदा बुराई पर अच्छाई की जीत होती है। असत्य पर सत्य की विजय होती है।