रविवार को आएगी कांग्रेस की पहली लिस्ट, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने दिया इस्तीफा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि आज बैठक में हमने 60 सीटों पर चर्चा की है। हम दोबारा बैठक करेंगे। हम श्राद्ध पक्ष के बाद उम्मीदवारों की सूची की घोषणा करेंगे। हम इसी के मुताबिक आगे बढ़ रहे हैं, ताकि हम 15 अक्टूबर को अपनी सूची जारी कर सकें। बता दें कि भाजपा चार सूची जारी कर चुकी है, जबकि कांग्रेस की एक भी सूची सामने नहीं आई है। इसे लेकर ही कमलनाथ ने ये बात कही है। हालांकि जिनके नाम तय हैं, पार्टी उनको इशारा दे चुकी है और वे अपनी तैयारियों में लग गए हैं।मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी दिया त्याग पत्र दिया है। नारायण त्रिपाठी ने कहा अभी पार्टी का सम्मान करते हुए इस्तीफा दिया है। आगे की रणनीति जल्द बनेगी। उनके इस्तीफा देते ही अब उनके कांग्रेस में जाने की अटकलें शुरू हो गई हैं। बीते कई दिनों से कांग्रेस शीर्ष नेताओं से नजदीकियां बढ़ी है। बताया जा रहा है कि 16 अक्तूबर को फाइनल निर्णय होगा। बता दें कि बीजेपी ने मैहर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक नारायण त्रिपाठी का टिकट काट दिया है। यहां के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक नेता श्रीकांत चतुर्वेदी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। तभी से उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें लग रही थीं।नारायण त्रिपाठी लंबे समय से बीजेपी से नाराज चल रहे हैं। करीब दो सालों से वो अपनी ही पार्टी और सरकार के खिलाफ हमलावर हैं।
भाजपा की अलगी सूची 15 को!
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 15 अक्तूबर को दिल्ली में आयोजित की गई है। माना जा रहा है कि इसके बाद भाजपा अपनी अगली सूची जारी कर सकती है। गुरुवार रात को भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक हुई, जिसमें अगली सूची के नामों और डैमेज कंट्रोल पर बात की गई। सूत्रों की मानें तो ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने विधानसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है।