Home > अपना शहर ,
नगर उदय अभियान का द्वितीय चरण 15 जनवरी तक चलेगा

योजनाओं की प्रगति का आंकलन करेंगे दल 

शासन द्वारा आम लोगों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से तीन चरणों में नगर उदय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का प्रथम चरण 25 दिसम्बर से 28 दिसम्बर तक आयोजित किया गया। द्वितीय चरण 03 जनवरी से 15 जनवरी तक संचालित किया जा रहा है।

जिले में प्रथम चरण में ग्वालियर जिले में नगर निगम ग्वालियर एवं नगर पंचायत डबरा, बिलौआ, पिछोर, आंतरी, भितरवार में 156 वार्डों में 27 हजार 338 लोगों से संपर्क किया गया। संपर्क दलों को 1896 माँग पत्र प्राप्त हुए। इसके साथ ही 392 शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निराकरण करने के साथ ही प्राप्त मांग के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देशन में नगर उदय अभियान के द्वितीय चरण में 15 जनवरी तक सभी वार्डों में निर्धारित दल भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी और आंकलन का कार्य करेगा। द्वितीय चरण में 03 जनवरी से 15 जनवरी तक नगर के  वार्डों में गठित दल के माध्यम से वार्डों की अधोसंरचना विकास तथा हितग्राहीमूलक कार्यक्रम की मैदानी स्थिति की जानकारी दी जायेगी। केन्द्र तथा राज्य के योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जायेगी। विभिन्न विभागों के हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों का चिन्हांकन कर रोजगार को बढ़ावा देने के लिये कार्ययोजना तैयार की जायेगी। वार्ड में निवासरत निराश्रित एवं अनाथ की पहचान भी दल द्वारा की जायेगी। अभियान के दौरान मौसमी बीमारियों के बचाव के लिये भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा।

      इसके साथ ही वार्ड में स्थित बीपीएल समूह मलिन बस्तियों, रहवासी समूहों के प्रतिनिधियों से चर्चा की जायेगी। वार्ड के किसी प्रमुख स्थान पर सायंकाल बैठक भी आयोजित की जायेगी। नगर विकास एवं आवास विभाग की हितग्राहीमूलक योजनायें मुख्यमंत्री शहरी घरेलू कामकाजी महिला कल्याण पद पर विक्रय करने वालों के कल्याणनार्थ योजना हाथठेला, साइकिल रिक्शा, शिल्पी कल्याण योजना के वार्ड में स्थित हितग्राहियों की पहचान करके अभियान के दौरान उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया जायेगा। इस दौरान खुले में शौच से मुक्त नगर बनाने के उद्देश्य से व्यपक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही रहवासियों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय का उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया जायेगा।

      नगर उदय अभियान के तहत विभागीय योजनाओं का सत्यापन भी किया जायेगा। जिन योजनाओं का सत्यापन किया जायेगा, उनमें खाद्य, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, श्रम विभाग के साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं का सत्यापन भी किया जायेगा।

 

Share This News :