Home > अपना शहर ,
नाज़ बानो को इलाज और पूजा को पढ़ाई के लिये मिलेगी आर्थिक मदद

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मिला सहारा

नाजों से पाल पोश रहे अपनी फूल सी बिटिया कु. नाज बानो का शारीरिक कष्ट देखकर सफीकउद्दीन का कलेजा मुँह को आ जाता। जीवन के लगभग 10 बसंत देख चुकी कु. नाज बानो के दिल में छेद है। कमजोर आर्थिक हालातों से जूझ रहे बहोड़ापुर निवासी सफीकउद्दीन आज बड़ी उम्मीद के साथ कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में पहुँचे थे। जन-सुनवाई उनकी उम्मीदों पर खरी उतरी।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से नाज बानो के हृदय का उपचार कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं। मंगलवार को हुई कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में भितरवार तहसील के ग्राम चरखा से एक प्रतिभावान बालिका कु. पूजा राजावत भी उच्च शिक्षा के लिये मदद की आस में पहुँचीं थीं। कलेक्टर ने अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा के माध्यम से पूजा को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित गाँव की बेटी योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने का पुख्ता भरोसा दिलाया।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इनके अलावा विभिन्न जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम कलेक्टर ने कराया। इस बार की जन-सुनवाई में कुल 266 फरियादी पहुँचे। कलेक्टर डॉ. गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व श्री विवेक श्रोत्रिय सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं। साथ ही उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

बुजुर्गों के लिये हैल्प डेस्क

      कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार से बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिये एक हैल्प डेस्क शुरू की गई। इस डेस्क के माध्यम से बुजुर्गों को आवेदन लिखने सहित उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारी तक आसानी से पहुँचाने की व्यवस्था की गई है।

Share This News :