मोदी बोले- कुछ लोगों को भारत के विकास से नफरत:कहा- विकास विरोधी जात-पात के नाम पर लोगों को बांटते थे....
ग्वालियर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जात-पात के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाते हुए विपक्ष पर हमला किया। मोदी ने कहा- विकास विरोधी तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे और आज भी खेलते हैं। वो तब भी जात-पात के नाम पर लोगों को बांटते थे और आज भी यही पाप कर रहे हैं।
ग्वालियर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार का परिणाम है। आज मध्यप्रदेश के लोगों का भरोसा डबल इंजन वाली सरकार पर है। बीते सालों में हमारी सरकार मध्यप्रदेश को बीमारू राज्यों से देश के टॉप टेन राज्यों में ले आई है। यहां से हमारा लक्ष्य एमपी को देश के टॉप तीन राज्यों में ले जाने का है। आपका एक वोट मध्यप्रदेश को टॉप थ्री में पहुंचाएगा।
मोदी ने कहा कि एमपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास नई सोच नहीं है। ना ही विकास का रोड मैप है। इनका सिर्फ एक ही काम है। देश से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते है। आज पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है, लेकिन जो लोग जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नहीं दिखता। उन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है।
मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी
हमारी बहनों को लोकसभा-विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के झूठे वादे करके वोट मांगे गए, लेकिन संसद में साजिश करके कानून बनाने से रोका गया। मोदी ने बहनों को गारंटी थी। मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी। आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम सच्चाई बन चुका है। मैं एक गारंटी बहनों से भी चाहता हूं। मुझे गारंटी चाहिए कि घर मिलने के बाद अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ाना है। कोई ना कोई कौशल सिखाना है।
अगले कार्यकाल में भारत टॉप थ्री इकॉनोमी होगा
मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में भारत टॉप थ्री इकॉनोमी में होगा। इससे भी सत्ता के भूखे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने छह दशक दिए थे। 60 साल कम समय नहीं होता है। जब 9 साल में इतना काम हो सकता है। तो तब क्यों नहीं हुआ। उनके पास भी मौका था। वे गरीबों की भावनाओं से खेलते थे, आज भी खेलते है। वे तब भी भ्रष्टाचार में डूबे रहते थे। आज भी यही कर रहे है।
जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको मोदी पूछता है, पूजता है
हमारी सरकार हर वर्ग, हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित है। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उनको मोदी पूछता है। मोदी पूजता है। मोदी ने कहा कि देश के विकास विरोधी राजनीति दल मध्यप्रदेश को पीछे ले जाने की इच्छा रखते है। जबकि हमारी डबल इंजन की सरकार भविष्य की सोच रखती है। मध्यप्रदेश को विकास के पैमाने पर देश में टॉप के राज्यों में लाने की गारंटी सिर्फ हमारी सरकार दे सकती है।
उनके शासन में ग्वालियर-चंबल में अन्याय-अत्याचार फला फूला
ग्वालियर-चंबल आज अवसरों की भूमि बन रहा है। लेकिन हमेशा स्थिति ऐसी नहीं थी। जो कई कई दशकों तक सरकार में रहे। उसके नेता आज यहां बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। विरोधी दलों के जो बड़बोले नेता है, इनको मध्यप्रदेश में कई दशकों तक शासन का मौका मिला था। उनके शासनकाल में ग्वालियर-चंबल में अन्याय और अत्याचार ही फला फूला। हमारी सरकार ने इस क्षेत्र को आज की स्थिति तक पहुंचाया।
शिवराज बोले- कमलनाथ ने प्रधानमंत्री आवास वापस कर दिए
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने गांधी जी के सपनों को साकार किया है। उन्होंने हाथ में झाड़ू उठाई तो पूरा देश स्वच्छता अभियान में जुट गया। मोदी जी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित है। दुश्मन आंख उठाने की हिम्मत नहीं करते। आज मोदी जी के नेतृत्व में देश में अन्न के भंडार भरे है।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने प्रधानमंत्री आवास वापस कर दिए। हमने 65 लाख घरों में नलों से पीने का पानी पहुंचा दिया। पीएम मोदी ने किसान सम्मान निधी दी। कमलनाथ ने केंद्र को नाम ही नहीं भेजे। बाद में हमने नाम भेजे। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि आज मध्यप्रदेश विकास की राह पर है, बीमारू नहीं है।
विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
- 1880 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले पांच रोड प्रोजेक्ट का भूमिपूजन।
- ग्वालियर समेत देश के अलग - अलग शहरों में प्रस्तावित 9 क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास।
- इंदौर में ITI की एकैडमिक बिल्डिंग का लोकार्पण। हॉस्टल और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का भूमिपूजन।
- उज्जैन की इंट्रीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भूमिपूजन।
- श्योपुर के 720 गांवों को पानी के पानी मुहैया कराने के लिए तीन जल जीवन मिशन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन।
इन प्रोजेक्ट्स का किया लोकार्पण
- मध्यप्रदेश से गुजर रहे 244.50 किलोमीटर लंबे दिल्ली - बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में बने 1296 आवासों का लोकार्पण
- ग्वालियर से सुमावली तक चलने वाली मेमू ट्रेन को हरी झंडी ।
- ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण।