BJP की गुटबाजी:Ex MLA रसाल सिंह की कार्यकर्ता के साथ बैठक आज, सुनेंगे-सुनाएंगे मन की बात
भारतीय जनता पार्टी द्वारा लहार विधानसभा का उम्मीदवार अम्बरीष शर्मा उर्फ गुड्डू को बनाए जाने के बाद लहार में बीजेपी में विरोध के स्वर फूटने लगे है। बीजेपी का एक धड़ नाराज दिख रहा है। पूर्व विधायक रसाल सिंह ने समर्थकों को लहार के भाटनताल स्थित पटेल गार्डन में बुलाया है। यह कार्यकर्ताओं की बैठक बीजेपी के बैनर तले होगी। यहां कार्यकर्ताओं के मन की बात सुनेंगे। वहीं, वे अपने मन की बात सुनाते हुए महत्वपूर्ण फैसला लेंगे।
लहार विधानसभा के बीजेपी के वयोवृद्ध नेता एेवं पूर्व विधायक रसाल सिंह का टिकट काटते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने नेता प्रतिपक्ष डॉ गाेविंद सिंह के खिलाफ युवा नेता अम्बरीष शर्मा का मैदान में उतारा है। लहार से अम्बरीष का टिकट होने के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता रसाल सिंह व उनके समर्थकों में रोष है। वहीं, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोमेश महंत की क्षेत्र में हर कार्यकर्ता से जमीनी पकड़ है। राेमेश महंत के समर्थक अभी शांत है।
इसलिए बैठक बुलाई
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रसाल सिंह को लहार विधानसभा से दो विधानसभा का चुनाव लड़ चुके है। वर्ष 2018 में बीजेपी ने रसाल सिंह को लहार के कांग्रेस विधायक डॉ गोविंद सिंह के खिलाफ मैदान में उतारते हुए उम्मीदवार बनाया था। इस बात से नाराज होकर बीजेपी से बगावत कर अम्बरीश शर्मा बीएसपी से उम्मीदवार बनकर ताल ठोक दी थी। पिछले चुनाव में अम्बरीश शर्मा से 31 हजार मत लेकर तीसने नंबर पर रहे थे। वहीं बीजेपी उम्मीदवार रसाल सिंह दूसरे नंबर पर रहे थे। डॉ गोविंद सिंह 9 हजार 500 वोटो से विजयी हुए थे। इससे पहले 2013 में बीजेपी ने रसाल सिंह को उम्मीदवार बनाकर मौका दिया था। उस समय बीएसपी के प्रत्याशी रोमेश महंत थे। तभी भी रसाल सिंह का दूसरे नंबर पर आए थे और बीएसपी तीसरे स्थान पर।
बीएसपी या आप?
पूर्व विधायक रसाल सिंह द्वारा बुलाई गई बैठक में जिलेभर से समर्थक आएंगे। ये बैठक सुबह 11 बजे से 3 बजे तक चलने की उम्मीद है। इस बैठक में कार्यकर्ताओं के जनआदेश पर निर्णय लिए जाने की बात कही जा रही है। इस बैठक में यद्पि चुनाव लड़ने का निर्णय हुआ तो पूर्व विधायक, बीएसपी या आम आदमी पार्टी, दोनों में से किसी एक के बैनर तले मैदान में उतरेंगे।