कांग्रेस बोली-भाजपा की दूसरी लिस्ट ने बताया सच, भाजपा अब तक की सबसे करारी हार के मुहाने पर
मध्य प्रदेश भाजपा ने दूसरी सीटों हारी 36 और जीती तीन सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। इसमें तीन केंद्रीय मंत्री, चार सांसद के साथ ही कैलाश विजयवर्गी को टिकट देकर चौंका दिया है। इस सूची को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तंज किया है। एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा की दूसरी लिस्ट ने सच बताया। भाजपा अब तक की सबसे करारी हार के मुहाने पर है। पीसीसी चीफ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी की आज की प्रत्याशी की सूची ने शिवराज और महाराज दोनों के राजनीतिक कैरियर पर पूर्णविराम लगा दिया है। वहीं, वीडी शर्मा और नरोत्तम मिश्रा के लिए राजनैतिक वनवास का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। वहीं, कांग्रेस की तरफ से जारी बयान में कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के पतन की खबरें अब आम हो चली है। सभी सर्वे और सभी सियासी समीकरण अभी तक बीजेपी की हार की भविष्यवाणी तो कर रहे थे लेकिन सबके मन में एक संशय जरूर था कि शायद भाजपा अंतिम क्षणों में कोई करिश्मा कर जाय, लेकिन भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची ने यह बता दिया कि मध्यप्रदेश में भाजपा अब अंत की ओर अग्रसर है।
कांग्रेस की तरफ से लिखा गया कि आज की सूची में भाजपा का पतन तो दिख ही रहा है, लेकिन एक बात और भी दिख रही है कि 28 विधायकों को बेच कर अपने लिए दिल्ली में एक बंगला, राज्यसभा की सीट और मंत्री पद खरीदने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए भी अब भारतीय राजनीति में लगभग कोई स्थान नहीं बचा है। सिंधिया अब भारतीय राजनीति के छिलके और गुठली के सिवा कुछ नहीं बचे। मध्य प्रदेश की जनता को आज से ही अपनी जीत और बीजेपी की करारी हार का एहसास हो चुका है। बीजेपी ने आज प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है वो बीजेपी के आत्म समर्पण के सिवा कुछ नहीं है।