हथियार तस्करों से 22 पिस्टल सहित आठ देसी कट्टे हुए जब्त
मध्यप्रदेश के बड़वानी में पुलिस ने हथियारों के अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों से करीब 6 लाख की 22 पिस्टल सहित आठ देसी कट्टे भी जब्त हुए हैं। आरोपी बड़वानी से सस्ते दामों में हथियार खरीदकर उसे सोशल मीडिया के जरिए ग्राहक तलाश कर पंजाब ले जाकर महंगे दामों में बेच देते थे। फिलहाल पंजाब पुलिस सहित बड़वानी पुलिस आरोपियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।बड़वानी जिले के थाना वरला प्रभारी दिनेश कुशवाह को मुखबिर से हथियारों की तस्करी की सूचना मिली थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भेरूघाट पर बाइक से जा रहे एक सिकलीगर सहित पंजाब के दो व्यक्तियों को पकड़ा और उनके कब्जे से 20 पिस्टल जब्त किए। इसके बाद पुलिस ने सिकलीगर कुलदीप के घर जाकर तलाशी ली, जहां से दो पिस्टल सहित आठ देसी कट्टे और भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग बड़वानी से सस्ते दामों में हथियार खरीद कर उसे सोशल मीडिया के जरिए ग्राहक ढूंढते हुए पंजाब ले जाकर महंगे दामों में बेच देते थे। फिलहाल आरोपियों का रिकॉर्ड पंजाब पुलिस सहित बड़वानी पुलिस तलाश कर रही है।
सोशल मीडिया के जरिए तलाशते थे ग्राहक
पुलिस की समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई की जाती है, और उनका मुखबिर तंत्र भी सक्रिय है । जैसे ही सूचना मिलती है तुरंत कार्रवाई की जाती है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सोशल मीडिया वॉट्सएप और इंस्टाग्राम कॉलिंग के माध्यम से नए-नए ग्राहक ढूंढते हैं, और उन्हें लालच देते हैं कि तुम्हें सस्ते दामों पर हथियार मिल जाएंगे। इस आधार पर ग्राहक बनकर यहां से सस्ते दामों में हथियार खरीद कर उसे ऊंचे दामों में बेच देते हैं। अभी पकड़े गए आरोपियों की जांच जारी है और पंजाब पुलिस और बड़वानी पुलिस उनके रिकॉर्ड खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई में कुल 22 पिस्टल और 8 देसी कट्टे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है। इनके साथ ही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किए हैं।