वितरण पर कमलनाथ का बयान, कहा- पैराशूट नहीं सिर्फ सर्वे चलेगा
आपके सामने प्रदेश की तस्वीर है। ज्यादा समझाने की जरूरत नहीं है कि भ्रष्टाचार की क्या सीमा है। आज भ्रष्टाचार का क्या रिकॉर्ड है। घोटाले का क्या रिकॉर्ड है। ये घोटालों की सरकार है, भ्रष्टाचार की सरकार है, झूठों की सरकार आज मध्यप्रदेश में है। यह बात आज (शुक्रवार) पीसीसी चीफ कमलनाथ ने अशोकनगर में प्रेस वार्ता में कही। वे यहां जनसभा के लिए पहुंचे थे। उन्होंने चर्चा में कहा कि आम जनता ने यह बात समझ ली है और पहचान ली है। मध्य प्रदेश का हर वर्ग परेशान है चाहे, हमारे नौजवान हों, किसान हों, छोटे व्यापारी हों। हम इस जिले की ही बात करें तो कितने सारे आश्वासन दिए गए। अस्पतालों की बात हो तो अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, स्कूल में शिक्षक नहीं हैं। खंबों में कहीं तार नहीं और तार में बिजली नहीं है। ये आज अशोकनगर जो प्रसिद्ध जिला है खेती के लिए यहां 30% सूखा पड़ा है। लेकिन कोई सर्वे नहीं कोई मुआवजा नहीं। यह आज स्थिति सबके सामने है। आगे शिक्षा के निजीकरण किए जाने के सवाल पर नाथ ने कहा कि सिर्फ शिक्षा के निजीकरण का प्रश्न नहीं है। ये तो पूरे देश में निजीकरण कर रहे हैं। आपने देखा किस तरह से यह पूरे देश का निजीकरण कर रहे हैं। जो इतनी सारी हमारी इमारतें बनी थीं, इतनी सारी संस्थाएं बनी थीं उनका भी निजीकरण कर रहे हैं। स्कूल तो बहुत छोटी सी बात है। हमने देखा पटवारी घोटाले में ज़ब पास हुए कुछ लोगों से प्रश्न पूछा गया तो वह जवाब नहीं दे पाए क्योंकि पैसे दो और नौकरी लो हुआ है। पर शिक्षा को प्राथमिकता हम देंगे। हम निजीकरण के इस पक्ष में नहीं हैं।
सिंधिया से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि
अब सिंधिया जी भारतीय जनता पार्टी में हैं। उनका भविष्य अब भाजपा तय करेगी। मुफ्त की योजनाओं पर नाथ ने कहा कि ये कल्चर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुरू किया है। शिवराज की घोषणा मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। कांग्रेस सरकार बनने पर पुरानी पेंशन लागू किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने यह कई दफा घोषणा की है कि हम पुरानी पेंशन बहाल करेंगे।