कमलनाथ बोले- सरकार बनते ही ग्रेड-पे दिए जाने की मांग सबसे पहले पूरी की जाएगी
छिंदवाड़ा में अपनी लंबित मांगों को लेकर विगत 21 अगस्त से आंदोलनरत पटवारियों के बीच शनिवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पहुंचे और पटवारियों से मुलाकात की। साथ ही उनकी मांगों का समर्थन भी किया। कमलनाथ ने हड़ताल स्थल पर पहुंचकर हड़ताल कर रहे पटवारियों को यह आश्वासन दिया कि आपने 25 साल इंतजार कर लिया है, तीन महीने और इंतजार कर लीजिए। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही आपकी 2800 ग्रेड-पे दिए जाने की 25 साल पुरानी मांग सबसे पहले पूरी की जाएगी।कमलनाथ ने कहा कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के संघर्ष में वे उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ग के साथ न्याय होना चाहिए। पटवारियों से संवाद करते हुए कमलनाथ ने कहा कि एक पटवारी का रोल कितना महत्वपूर्ण होता है, वह कितने विभागों का काम अकेला करता है, यह बात सभी जानते हैं। सभी के साथ न्याय हो ऐसी सरकार होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज यह बात हम सबको समझना है कि हमारा प्रदेश कहां घसीटा जा रहा है। मुख्यमंत्री घोषणाओं पर घोषणाएं करते जा रहे हैं, चुनाव सिर पर है जो चाहे वह, सब कुछ बोल दो। लेकिन आप सबको भी जागरुक बनना पड़ेगा और आम जनता को भी जागरुक करना पड़ेगा। कमलनाथ ने यह भी कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मध्यप्रदेश की जनता सच्चाई का साथ देगी, कांग्रेस का साथ देगी।