Home > राज्यो से ,
अब 450 रुपये में हमेशा मिलेगा गैस सिलेंडर, इन छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप

मध्यप्रदेश में निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्राओं में से पांचवी जन आशीर्वाद यात्रा तीसरे दिन खरगोन जिले में पहुंची। जहां यात्रा में शामिल होने सनावद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां कोठी में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे और वहीं से कार के जरिए पॉलिटेक्निक कॉलेज तक पहुंचे। इस दौरान रास्ते में पटवारी संघ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता के साथ ही नगर पालिका और अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने स्टॉल लगाकर मुख्यमंत्री के कारवां पर पुष्प वर्षा की।मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि पहले उन्होंने बहनों को सावन के महीने में तोहफा दिया था कि सावन माह में अपनी गरीब बहनों को गैस सिलेंडर 450 रुपये में मिलेगा, जिसे अब वह सावन ही नहीं बल्कि हमेशा के लिए 450 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे। उन्होंने कहा कि मैं पैसा डालने वाला हूं। उज्ज्वला वालों को तो डालूंगा ही, लेकिन जो गैर उज्ज्वल वाले हैं उनके खाते में भी पैसा डाला जाएगा। उनके भी वे रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने आयुष्मान योजना को भी विस्तारित किया है और अब जो गरीब और किसान इसमें छूट गए थे, उन सबको जोड़कर उनका भी पांच लाख तक का इलाज इस योजना में इस साल से ही फ्री में करवाया जाएगा।

छात्रों के लिए कई घोषणाएं
सनावद में मंच से घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को कई लाभ दिए। उन्होंने कहा कि अब तक 12वीं कक्षा में 75 फीसदी नंबर लाने पर लैपटॉप दिया जाता था, उसे वह 60 फीसदी कर रहे हैं। इसके बाद अब 12वीं कक्षा में 60 फीसदी अंक लाने पर छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे। साथ ही आने वाले साल से कक्षा 12वीं में हर स्कूल में टॉप 3 स्टूडेंट को स्कूटी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े शिक्षण संस्थान जिनमें मेडिकल, इंजीनियरिंग कॉलेज भी शामिल हैं, उनमें प्रदेश के गरीब भाई बहनों के बच्चों के एडमिशन लेने पर उनकी फीस भी प्रदेश सरकार ही भरेगी, चाहे यह बच्चे किसी भी जाति या धर्म के हो।

Share This News :