कांग्रेस के मैराथन बैठक में नहीं निकला टिकट रत्न
छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की लगातार दूसरे दिन हुई मैराथन बैठक के बाद भी टिकट पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री निवास में सुबह से देर शाम तक एक-एक सीट काे लेकर विचार विमर्श किया गया। प्रदेश के पांच प्रमुख नेताओं ने एक-एक सीट के प्रमुख दावेदारों से चर्चा की और करीब 40 नाम पर एकराय बन गई है। हालांकि इन नामों पर स्क्रीनिंग समिति में एक बार फिर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी की आठ सितंबर को बैठक होगी। बता दें कि 8 सिंतबर को मल्लिकार्जुन खरगे छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं।बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि सीईसी की बैठक के बाद आठ सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बैठक में सभी नेताओं ने अपने सुझाव रखे थे। प्रदेश चुनाव समिति और पालिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों की सूची पर भी मंथन हुआ। हालांकि प्रत्याशियों के नामों पर फैसला नहीं हो सका। बता दें कि कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक रविवार को राजीव भवन में देर रात तक चली। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में सूची में गहन मंथन किया गया।