Home > अपना शहर ,
नगर निगम आयुक्त ने कलेक्टर व एसपी के लगाए स्वच्छता बैज

वाहनों पर भी प्रदर्शित किए स्वच्छता स्टीकर

समग्र स्वच्छता मिशन की गतिविधियों को जन आंदोलन का रूप देने के लिये जिले में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। वरिष्ठ शासकीय अधिकारी भी इसमें भागीदारी निभा रहे हैं। साथ ही विभागीय अमले को भी इसमें भागीदार बनाया जा रहा है। इस क्रम में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने आज कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष व अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा को स्वच्छता के बैज लगाए। साथ ही कलेक्टर व एसपी सहित सभी अधिकारियों के वाहनों पर भी स्वच्छता के स्टीकर प्रदर्शित किए।

      स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के मकसद से नगर निगम ने विशेष स्वच्छता बैज व स्टीकर इत्यादि प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार कराई है। कलेक्टर व एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें स्वच्छता दूत की भूमिका निभा रहे हैं।

      इस मौके पर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि स्वच्छता प्रतियोगिता में ग्वालियर शहर को अव्वल रैंकिंग में शामिल करने के लिये सभी विभागों के अधिकारी सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि क्वालिटी काउन्सिल ऑफ इंडिया द्वारा ग्वालियर शहर को प्रमाण-पत्र मिल सके, इसके लिये सभी अधिकारी अपने दफ्तर को साफ-सुथरा रखें। साथ ही अधीनस्थ अमले को भी इसके लिये प्रेरित करें।

      नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि क्वालिटी कान्सिल ऑफ इंडिया की टीम 7, 8 व 9 जनवरी को ग्वालियर आयेगी। इस दौरान इस टीम द्वारा औचक रूप से गली, मोहल्लें व शासकीय दफ्तरों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि 5 जनवरी को वातावरण निर्माण के मकसद से शहर की विभिन्न दिशाओं से स्वच्छता रैलियां निकालने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। यह रैलियां शहर के विभिन्न मोहल्लों से शुरू होकर मेला पहुँचेंगीं।

  

Share This News :