Home > राज्यो से ,
कांतिलाल भूरिया बोले- उमा भारती को मक्खी की तरह निकाला, ज्योतिरादित्य का भी यही हाल होगा

जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ समारोह मे नहीं बुलाए जाने से अपनी ही पार्टी भाजपा से नाराज हुई पूर्व सीएम उमा भारती के प्रति कांग्रेस नेता विधायक कांतिलाल भूरिया ने हमदर्दी जताई है। भूरिया ने कहा, उमा भारती सही कह रही हैं। वे बहुत संतुलित बात कहती हैं। भाजपा ने उनका शोषण किया है। उन्होंने कई त्याग किए और सरकार बनाई। भाजपा ने उन्हें मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया।

भूरिया ने कहा, ज्योतिरादित्य सिंधिया बगावत की ओर चले गए। कांग्रेस विधायकों को 25-25 करोड़ में बेचा। आज सिंधिया जी की क्या हालत हो रही है। आप थोड़े दिन देखो बीजेपी और आरएसएस वाले सिंधिया जी को मक्खी के जैसे निकालकर फेंक देंगे। सिंधिया कांग्रेस में दादागिरी करते थे, यह भी मेरा… यह भी मेरा। अब उनको ग्वालियर में सीमित कर देंगे कि तुम सिर्फ ग्वालियर की बात करो। प्रदेश की बात मत करो। यह हालत सिंधिया जी की हो रही है।

उमा और गोपाल भार्गव की बीजेपी में पूछ नहीं

भूरिया ने कहा उमा भारती की जो हालत है वह अपनी कथा सुना रही हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। वहां दूसरे नेताओं की हालत बहुत खराब है। उमा की ही तरह गोपाल भार्गव की हालत खराब है। जन आशीर्वाद यात्रा में उनकी फोटो नहीं लगाई गई। यात्रा में उमा भारती को नहीं बुलाया जा रहा है। जितने भी चंदा खोर लोग हैं उनको आगे कर देते हैं। बाकी लोगों को पीछे कर देते हैं। कार्यकर्ता पीछे घूमते रहें। पूरे प्रदेश में बीजेपी की बुरी हालत है। बीजेपी वाले कह रहे हैं कि बीजेपी की सरकार जाए और हमें मुक्ति मिले।कांतिलाल ने कहा- जितने भी नंबर दो वाले हैं वह सब आगे हैं। अंबानी - अडानी को मोदी जी को मालामाल कर दिया है। देश में अडानी - अंबानी और एक दो लोग और हैं उनके अलावा मोदी जी को कोई और दिखता ही नहीं है। यह हालात देश में हो रहे हैं। अब जनता समझ गई है। आने वाले समय में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलेगा। मध्यप्रदेश में 150 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और देश में 350 से ऊपर हमारे सांसद जीतेंगे। देश में भी सरकार बनाएंगे और मध्यप्रदेश में भी।

Share This News :