Home > अपना शहर ,
हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनेगा भारतीय गरिमा का शीर्ष उत्सव

कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक ली

भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की वर्षगाँठ सम्पूर्ण देश की भाँति ग्वालियर जिले में भी परंपरागत ढ़ंग से उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई जायेगी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को मुख्य समारोह कम्पू स्थित एस ए एफ ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने मुख्य समारोह की तैयारियों के सिलसिले में शुक्रवार को बैठक लेकर विभिन्न अधिकारियों को तमाम व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी व  अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मौजूद थे।

            गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि संयुक्त परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेगे।  इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा कारगिल शहीदो के परिजनों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जायेगा। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले रंगारंग सांस्कृतिक  कार्यक्रम एवं विभागीय झांकिया समारोह का मुख्य आकर्षण होगी।

            मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के लिये दायित्व निर्धारित करते हुये डॉ. गोयल  ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन सावधानी पूर्वक करें और इस बात का ध्यान रखें कि कार्यक्रम राष्ट्रीय भावना से ओत प्रोत व भारतीय संस्कृति पर केन्द्रित हो। उन्होने निर्देश दिये कि सभी तैयारियां गणतंत्र दिवस की गरिमा को  ध्यान में रखकर पूर्ण  की जायें।

परेड की फायनल रिहर्सल 24 जनवरी को

कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ स्काउट गाइड व एन सी सी आदि के बच्चे भी कदम ताल मिला सकें इसके लिये इनको भी परेड का नियमित अभ्यास कराया जायेगा। संयुक्त परेड की फायनल रिहर्सल 24 जनवरी को रखी गई है।

आकर्षक झांकियां निकलेंगी

            मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में विभागीय झांकिया भी आकर्षण का केन्द्र होंगी। यह झांकियां स्वच्छता अभियान, डिजिटल व कैशलेस इंडिया, फसल बीमा तथा शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित होंगी। जिला पंचायत, जेल, कृषि, आदिम जाति कल्याण, वन, शिक्षा, उद्योग, महिला-बाल विकास, पीएचई, नगर निगम, स्वास्थ्य, जल संसाधन, श्रम, उद्यानिकी व सामाजिक न्याय विभाग आदि विभागों की झाँकियाँ शामिल रहेंगी।

दिव्यांगों के लिये अलग से बैठक व्यवस्था

      मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में दिव्यांगजनों के लिये अलग से बैठने की व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने दिव्यांगजनों के लिये विशेष बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

उत्कृष्ट शासकीय सेवकों के नाम 16 जनवरी तक माँगे

      गणतंत्र दिवस को एसएएफ ग्राउण्ड पर आयोजित होने वाले जिले के मुख्य समारोह में विभिन्न विभागो के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों से 16 जनवरी तक शासकीय सेवकों के नाम कलेक्ट्रेट भेजने के लिये विभागीय अधिकारियों से कहा है।

सांध्य बेला में मनेगा “भारत पर्व”

      गणतंत्र दिवस की सांध्य बेला में सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी “भारत पर्व” मनाया जायेगा। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने “भारत पर्व” को भी गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

Share This News :