भाजपा में समर्पित कार्यकर्ताओं से जो व्यवहार हो रहा है, वह सही नहीं :सत्तन
भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे भंवरसिंह शेखावत ने दल बदलकर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इंदौर और धार दोनों जिलों की सीटों से विधायक रह चुके और राजनीतिक पहचान रखने वाले भंवरसिंह जनसंघ के जमाने के भाजपाइयों में गिने जाते रहे। भाजपा महासचिव कैलाश विजयर्गीय का राजनीतिक गुरु भी शेखावत को कहा जाता रहा। शेखावत के इस दल बदल के पीछे साढ़े तीन साल पहले हुआ दल बदल ही वजह बना जब ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के कांग्रेसी भाजपा में आ गए। इसके बाद से शेखावत लगातार पार्टी में पुराने नेताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते रहे।शेखावत के भाजपा का साथ छोड़ने के बाद भाजपा के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन ने भी एक बार फिर संगठन को निशाने पर ले लिया है। सत्तन ने शनिवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संगठन में सुधार बहुत जरूरी है। दूसरी पार्टी छोड़कर आने वालों ने कभी संगठन का भला नहीं किया है। समर्पित कार्यकर्ताओं से जो व्यवहार हो रहा है, वह सही नहीं है।शेखावत लगातार कह रहे थे कि जिनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता संगठन की जमीन तैयार करने के लिए लड़ते रहे, उन्हें पार्टी ने सिर आंखों पर बैठा लिया। शेखावत लगातार नाराजगी जाहिर कर रहे थे। बीते महीने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शेखावत को मिलने भोपाल भी बुलाया था। हालांकि, शेखावत की नाराजगी दूर नहीं हुई। माना जा रहा है कि दत्तीगांव ही बदनावर से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। शेखावत से इस बीच कांग्रेस संपर्क में रही। यह लगभग तय माना जा रहा है कि शेखावत अब कांग्रेस की ओर से बदनावर में उम्मीदवार होंगे।