प्रियंका गांधी माध्यम से आदिवासियों को इंदिरा गांधी की याद दिलाएगी कांग्रेस
मध्य प्रदेश में आदिवासी मतदाताओं की भूमिका सत्ता के निर्धारण में महत्वपूर्ण होती है। आदिवासियों का साथ जिस भी पार्टी को मिला है, सरकार उसकी ही बनी है। पिछले विधानसभा चुनाव में आदिवासियों का झुकाव कांग्रेस की ओर था, जिससे एसटी के लिए सुरक्षित 47 सीटों में से कांग्रेस ने 30 सीटें जीतीं और 15 वर्ष बाद सत्ता में वापसी हुई थी।पार्टी इस बार भी इस प्रदर्शन को दोहराने के प्रयास में लगी है। महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के माध्यम से पार्टी आदिवासियों के बीच पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की याद दिलाएगी। इसके लिए आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उनके कार्यक्रम प्रस्तावित किए जा रहे हैं। छिंदवाड़ा में उनकी सभा आयोजित की जा सकती है तो राहुल गांधी का कार्यक्रम मालवांचल में बनाया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में एसटी के लिए सुरक्षित 47 सीटें तो हैं ही, आदिवासी मतदाता 82 सीटों पर निर्णायक भूमिका में हैं। इसे देखते हुए भाजपा और कांग्रेस, दोनों कार्ययोजना बनाकर काम कर रहे हैं। आदिवासी स्वाभिमान यात्रा निकालने के बाद कांग्रेस अब गांव चौपाल लगाने की तैयारी में है।
आदिवासी बहुल जिलों में प्रियंका के कार्यक्रम की योजना
पार्टी ने प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम आदिवासी बहुल जिलों में कराने की योजना बनाई है। दरअसल, पार्टी प्रियंका के माध्यम से स्व.इंदिरा गांधी की आदिवासी हितैषी छवि को भुनाना चाहती है। प्रियंका छिंदवाड़ा आ सकती हैं। यहां से सिवनी, बालाघाट, बैतूल और नरसिंहपुर जिले लगे हुए हैं।
यहां आदिवासी मतदाता प्रभावी भूमिका में है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यहां अच्छा प्रदर्शन किया था। बैतूल और सिवनी जिले में एसटी के लिए सुरक्षित चारों सीटें कांग्रेस ने जीती थीं। यही कारण है कि बैतूल से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले रामू टेकाम को आदिवासी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है।
मालवा और निमाड़ क्षेत्र में बेहतर रहा था कांग्रेस का प्रदर्शन
वहीं, मालवा और निमाड़ क्षेत्र में भी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया था। यहां युवाओं के बीच काम करने वाले जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) ने कांग्रेस का साथ दिया, जिसका लाभ भी मिला और एसटी के लिए लिए आरक्षित अधिकांश सीटें कांग्रेस ने जीतीं। पार्टी इसी प्रदर्शन को दोहराने के लिए प्रयासरत है।
मालवा के साथ विंध्य में भी राहुल गांधी के कार्यक्रम
राहुल गांधी की सभा मालवा अंचल में प्रस्तावित की गई है। वे विंध्य में भी कार्यक्रम करेंगे। यहां भी कोल आदिवासी चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। पिछले चुनाव में विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस को सबसे अधिक नुकसान हुआ था। यहां केवल सात सीटें ही पार्टी जीत सकी थी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह तक चुनाव हार गए थे।
कांग्रेस इस बार ऐसी कोई गलती नहीं करना चाहती है, जिससे उसकी सत्ता में वापसी की संभावना प्रभावित हो। यही कारण है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सागर में अपनी पहली चुनावी सभा में भी आदिवासी अत्याचार का मुद्दा उठाकर साफ कर दिया कि यह चुनाव अभियान में प्रमुख मुद्दा रहेगा।