तकरार बढ़ी:ममता मीणा बोलीं-पैराशूट पॉलिटिक्स नहीं चलेगी , प्रियंका का पलटवार-पैराशूट भी जमीन से ही उड़ता है
बीजेपी के प्रत्याशियों की पहली सूची आने के बाद से ही घमासान छिड़ा हुआ है। गुना जिले की चाचौडा सीट से बीजेपी ने आईआरएस अफसर की पत्नी प्रियंका मीणा को टिकट दिया है। प्रियंका को टिकट मिलने के बाद से ही चाचौडा की पूर्व बीजेपी विधायक ममता मीणा भड़की हुई हैं। गुरुवार को वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची और संगठन के नेताओं को दो टूक कह दिया कि चाचौडा में पैराशूट पॉलिटिक्स नहीं चलेगी। यदि टिकट नहीं बदला गया तो वे कार्यकर्ताओं की सलाह पर आगे कदम उठा सकतीं हैं। ममता मीणा के पैराशूट वाले बयान पर प्रियंका ने भी जवाब दिया है।
पार्टी नेताओं के से मिलने के बाद क्या बोलीं ममता मीणा
भोपाल में ममता मीणा ने मीडिया से चर्चा करने के दौरान कहा- मैंने पार्टी के नेताओं के समक्ष अपनी बात रखी है क्योंकि 2005 में जिला पंचायत से जो सफर तय हुआ और उसके बाद 2008, 2013 और 2018 में चुनाव लड़ी। जीती-हारी हूं। सब लोगों से हमेशा मिलती-जुलती रही हूं। मैंने चाचौडा को विकास की दृष्टि से बहुत आगे पहुंचाया। दिग्विजय सिंह -लक्ष्मण सिंह का कार्यकाल एक तरफ और मेरे पांच साल के विधानसभा का कार्यकाल एक तरफ है। मैंने जो बोया है उसे काटने के लिए या तो मैं जाऊं या मेरा कोई कार्यकर्ता। जिनकी तीन-चार पीढ़ियां पार्टी में खप गईं। उनको टिकट मिले।
ममता बोलीं- चाचौडा में पैराशूट पॉलिटिक्स नहीं चलेगी
ममता मीणा ने कहा- चाचौड़ा में पैराशूट की राजनीति नहीं चलेगी। यह मैं धमकी नहीं दे रही हूं। कोई हवाई जहाज से पैराशूट से, आकर कांग्रेसी सदस्यता ले ले। यह नई भाजपा, पुरानी भाजपा में अंतर है। खग की भाषा खग ही जाने। हमारे पुराने कार्यकर्ता दरी पर सोकर, संगठन को समझता है। उसने पार्टी का झंडा उठाया चाचौड़ा में। शत प्रतिशत भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि जिताकर लाई हूं। 90 सरपंच बनाकर लाई हूं। जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका जो अल्पमत में थी उसके बावजूद मधुसूदनगढ़, कुंभराज को बनाकर लाई हूं। चाचौड़ा, बीनागंज नगर पंचायत जिताकर लाई। पूरी पार्टी के लिए मैं लड़ रही हूं। तो क्या कार्यकर्ता मेरे लिए आवाज नहीं उठाएंगे?
मेरा आने वाला कल मेरा कार्यकर्ता तय करेगा। क्योंकि हर घर में, मतदाता और हर कार्यकर्ता के घर मैं दस्तक दी है। सुबह 4:00 तक भी में कार्यकर्ताओं के लिए लड़ती रही हूं। अब मैं यही जानना चाहती हूं कि मेरे साथ कौन-कौन खड़ा है। क्योंकि मैं हमेशा सुख-दुख में कार्यकर्ता और मतदाता के साथ खड़ी रही हूं।
ये मेरी निष्ठा की अग्निपरीक्षा का समय
संगठन द्वारा प्रत्याशी परिवर्तन न करने की बात पर ममता मीणा ने कहा - ठीक है मैंने अपनी बात रखी है। मैं बहुत पुरानी कार्यकर्ता हूं मैं भाजपा की निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। मैं हमेशा निष्ठा के साथ काम किया है यह मेरी निष्ठा की परीक्षा है। मैं देखना चाहती हूं की निष्ठा की अग्नि परीक्षा में मैं पास होती हूं या फेल। आने वाला कल ही बताएगा यह मेरी आने वाले कल की राय कार्यकर्ता ही तय करेंगे।
दूसरी पार्टी में जाने के सवाल पर ममता ने कहा- मेरा किसी पार्टी से कोई संपर्क नहीं हुआ है। जब 18 साल मैंने कार्यकर्ताओं के लिए खपा दिए तो आने वाला कल कार्यकर्ताओं के लिए छोड़ दूंगी। तो वही ठीक रहेगा।
प्रियंका बोलीं-पैराशूट भी जमीन से ही उड़ता है
ममता मीणा द्वारा पैराशूट प्रत्याशी कहे जाने पर चाचौडा की बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका मीणा ने कहा- इस बारे में कुछ नहीं बोलना चाहूंगी, पैराशूट भी जमीन से ही उड़ता है।
मैं पहले भी जमीनी स्तर पर काम कर रही थी। पहले भी छोटी कार्यकर्ता थी। आज भी छोटी कार्यकर्ता हूं। सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाना मेरा फर्ज है। योजनाओं का लाभ जनमानस को मिले यही मेरा उद्देश्य है। मेरा आगे प्रयास रहेगा कि चाचौडा का विकास हो। आगे निश्चित ही चाचौडा में कमल खिलेगा।
प्रियंका से जब कि टिकट मिलने के बाद आप ममता मीणा से मिलने गई, आपकी मुलाकात हुई है क्या? तो उन्होनें कहा- इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहूंगी.