यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बोले : 'राहुल गांधी को PM बनाने की जिम्मेदारी यूपी के कंधों पर'
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) अपना पदभार ग्रहण करने के लिए गुरुवार को पूरे लाव लश्कर से वाराणसी (Varanasi) से लखनऊ (Lucknow) पहुंचे. अजय राय के साथ ढाई सौ गाड़ियों का काफिला था. कांग्रेस प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अजय राय ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद मंच पर पहुंचे. मंच पर कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ अजय राय का स्वागत किया. उनके स्वागत में कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और एआईसीसी के पदाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेसियों ने भाषण दिया. साथ ही शुभकामनाएं भी दी.अजय राय ने मंच संभालने के बाद कहा कि हमारे यहां किसी भी शुभ कार्य के पहले गणेश वंदना की जाती है और उन्होंने भी गणेश वंदना करते हुए अपने भाषण की शुरुआत की. उन्होंने कहा की हम महादेव की नगरी से आए हैं और हमारे यहां की तमाम विशेषताएं हैं. हमारे यहां गौतम बुद्ध, कबीर दास, लाल बहादुर शास्त्री और सम्पूर्णानन्द समेत तमाम लोगों ने काशी का गौरव बढ़ाया है. हमें मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त है.
'काशी की जो सोच है वही कांग्रेस की सोच'
अजय राय ने कहा कि काशी की जो सोच है वही कांग्रेस पार्टी की सोच है, वही इसका मिजाज है. जैसे काशी में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बुद्ध सब है, वही कांग्रेस की सोच है, सब हमारे हैं. उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध को सुनने वाले 5 लोग थे और उसके बाद आज क्या स्थिति है, कितने लोग बुद्ध को मानने वाले थे. रविदास जी ने कहा था 'मन चंगा तो कठौती में गंगा'. कबीर दास का जन्मस्थान भी काशी तो काशी में सब हैं और जो काशी की सोच वही कांग्रेस की सोच है.
बृजलाल खाबरी को दिया जवाब
बृजलाल खाबरी के 'अजय से लिया और अजय को दिया' वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अजय राय कभी किसी का मान-सम्मान और प्रतिष्ठा को गिरने नहीं देगा. उन्होंने अपने फतेहगढ़ जेल में बिताए गए 7 महीनों को भी याद किया और कहा तब के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष ने उनका साथ दिया था और इसी तरीके से वह कांग्रेस पार्टी के हर कार्यकर्ता का साथ देते रहेंगे.