Home > राज्यो से ,
पीएम का संबोधन, ऊंची दुकान फीका पकवान जैसा: मायावती

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायवाती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि पीएम का भाषण निराश करने वाला और ऊंची दुकान फीका पकवान जैसा ही था। उन्होंने कहा कि देश की 90 फीसदी जनता की परेशानी में कोई कमी नहीं आने वाली है।

31 दिसबंर को पीएम मोदी ने देर शाम साढ़े सात बजे देश के नाम अपना संबोधन दिया था, जिसमें नोटबंदी को ऐतिहासिक 'शुद्धि यज्ञ' करार देते हुए मोदी ने कहा था कि दिवाली के बाद लोगों ने अब तक के सबसे बड़े शुद्धि यज्ञ में भाग लिया और विपरीत परिस्थितयों का सामना कर इस बात को साबित कर दिया कि देश की अधिकांश जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती थी। साथ ही उन्होंने गरीबों, किसानों और छोटे व्यापारियों को राहत प्रदान करने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की।

इससे पहले मायावती ने मोदी सरकार पर सस्ती लोकप्रियता के लिए सस्ती मानसिकता से काम करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि 'भारत इंटरफेस फॉर मनी' मोबाइल एप को 'भीम' का उपनाम देकर इसे डॉक्टर अंबेडकर के नाम से जोड़ना 'मुंह में राम, बगल में छुरी' की कहावत को चरितार्थ करने की तरह है।

बता दें कि 30 दिसंबर को पीएम मोदी ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और उसे आसान बनाने के लिए 'डिजिधन मेला' में आधार आधारित एप लॉन्च किया था।

Share This News :