Home > अपना शहर ,
नगरीय विकास मंत्री एवं महापौर ने किया वार्ड 26 में परशुराम मंदिर के बाउण्ड्रीवॉल एवं मुख्यद्वार का लोकार्पण

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि ग्वालियर विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है। ग्वालियर विकास के लिये 800-900 करोड़ रूपए की योजनायें बनकर तैयार हैं। इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने की सभी तैयारियाँ हो गई हैं। आगामी एक-दो वर्षों में ग्वालियर में विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य दिखने लगेंगे। कार्यक्रम में मंदिर में सार्वजनिक हॉल तथा एक ट्यूबबेल खनन की स्वीकृति भी प्रदान की गई। श्रीमती माया सिंह ने यह बात आज मुरार घासमण्डी स्थित परशुराम मंदिर की बाउण्ड्रीवॉल एवं मुख्यद्वार के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर ग्वालियर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद एवं महापौर परिषद के सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा सहित श्री अशोक जैन, श्री आनंद दीक्षित, श्री वासुदेव शर्मा, श्री प्रेमशंकर दुबे, श्री अम्बिका प्रसाद पचैरी, श्री जे पी शुक्ला, श्री पंकज पाठक, पूर्व पार्षद श्री दीवान सिंह नरवरिया, मण्डल अध्यक्ष श्री परमार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी में शामिल हो गया है। इसके साथ ही अमृत परियोजना के तहत भी ग्वालियर की विकास योजनाओं को तैयार किया गया है। अमृत योजना के तहत सम्पूर्ण शहर में घर-घर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। इसके साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में सीवर लाईन डालने का कार्य होगा। इससे शहर की सीवर समस्या का पूर्णतः निराकरण हो जायेगा। अमृत परियोजना के तहत शहर में बेहतरीन गार्डन के साथ ही लोक परिवहन की सुविधायें भी मुहैया कराई जायेंगी।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर में स्वच्छता के लिये निगम द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता में सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं है। इस कार्य में जन-जन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर आदमी का अपने परिवार के प्रति जितना दायित्व होता है, उतना ही दायित्व उसका समाज के प्रति भी होता है। स्वच्छता में हमें अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने घर और आस-पास स्वच्छता रखने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के लिये प्रेरित करने की भी नितांत आवश्यकता है। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर परिसर में सार्वजनिक उपयोग हेतु एक सामूहिक हॉल निर्माण की भी मंजूरी प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने लोगों की माँग पर मंदिर परिसर के पास ही एक ट्यूबबेल खनन कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आगामी एक-दो सालों में विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों के परिणाम परिलक्षित होने लगेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में ग्वालियर में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं, इस विकास की गतिं को हम रूकने नहीं देंगे।
महापौर श्री शेजवलकर ने कहा कि आम लोगों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो, इसके लिये नगर उदय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभान्वित किया जायेगा। नगर निगम का अमला वार्डवार भ्रमण कर नगर उदय अभियान के तहत हितग्राहियों के चिन्हांकन का कार्य कर रहा है। उन्होंने स्वच्छता अभियान के संबंध में भी लोगों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्री धर्मेन्द्र राणा ने वार्ड में किए गए कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की माँगों तथा अपेक्षाओं पर नगर निगम द्वारा कार्य कराए जा रहे हैं। वार्ड में विकास के बड़े कार्यों में प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह का सहयोग भी हमें निरंतर प्राप्त हो रहा है।

  

Share This News :