Home > राज्यो से ,
भाजपा कार्यकर्ताओं को 4 काम करने की जिम्मेदारी दी ,10 दिन का डेडलाइन

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने नई रणनीति तय की है। संगठन ने पार्टी के हर कार्यकर्ता को 4 काम करने की जिम्मेदारी दी है। इन चारों काम को पूरा करने के लिए 10 दिन का डेडलाइन दी गई है।

पहले टास्क में मुख्य रूप से BJP के मंडल और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं को 10 दिन में 200 लोगों को फोन करना होंगे। दूसरा- हर बूथ पर जिन भाजपा समर्थकों या कार्यकर्ताओं के पास बाइक और फोरव्हीलर हैं, उनकी लिस्ट बनाने को कहा है। कार पर कमल का फूल बनवाना होगा। तीसरा- वोटर्स से डेली कॉन्टैक्ट करने का टास्क दिया गया है। हर दिन दो वोटर्स के घर चाय पीने जाना होगा। चौथा- बूथ पर 5 जगह दीवार लेखन कराने को कहा गया है।

प्रदेश भर में हो रहे विधानसभा सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को ये दिशा - निर्देश दिए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के 64 हजार 100 बूथ पर BJP की समितियां हैं।

200 लोगों को कॉल करने की रणनीति के मायने

BJP के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भोपाल में हुए विधानसभा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, आपके मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में अगर 500-600 नंबर हैं, तो आपको उनमें से 200 लोगों को 10 दिन में कॉल कर हाल-चाल पूछना है। उनसे उनके क्षेत्र में माहौल की जानकारी लेना है। लोगों की क्या राय है? यह भी जानना है।'

शर्मा ने कहा, 'लोगों को 20 साल पहले मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह की सरकार के दौर और पिछले 15 महीने की कमलनाथ की सरकार में हुए भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को भी याद दिलाना है। कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलनात्मक स्थिति भी समझानी है।'

प्रदेश संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को यह भी कहा कि अगर बातचीत में ऐसी कोई जानकारी मिलती है, जो जनता के बीच बड़ा मुद्दा है, तो इसे वरिष्ठ नेताओं को बताएं।

कौन होंगे ये 200 लोग?

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने हर कार्यकर्ता को जिन 200 लोगों से कॉल कर चर्चा करने को कहा है, उनमें से 100 लोग भाजपा के कार्यकर्ता या समर्थक होंगे। बाकी 100 लोग आम जनता से होंगे। इनमें कर्मचारी, व्यापारी, रिश्तेदार भी हो सकते हैं।

कैंपेनिंग के प्लान में बाइक शामिल कीं

भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए कई तरह की प्लानिंग की है। इस प्लानिंग में सोशल मीडिया से लेकर होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, डिजिटल वॉल पेंटिंग और एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रचार-प्रसार की तैयारी है। बूथ स्तर पर संगठन ने BJP के प्रति माहौल बनाने के लिए एक खास तैयारी शुरू की है।

हर बूथ पर 10 मोटरसाइकिल के मालिकों की लिस्ट तैयार कराई है। इनकी बाइक पर BJP का झंडा लगा होगा। औसतन एक विधानसभा में अगर 250 बूथ हैं तो BJP के पास करीब एक विधानसभा में 2750 बाठक की लिस्ट हर समय उपलब्ध रहेगी। इन बाइक के जरिए बड़ी बाइक रैली निकालकर माहौल बनाया जाएगा।

कैंपेन की थीम- फिर एक बार, भाजपा सरकार

BJP ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि जिनके पास फोरव्हीलर हैं, वे अपनी गाड़ी के पीछे वाले कांच पर कमल का फूल बनवाकर लिखवाएं- 'फिर एक बार-भाजपा सरकार'। फोरव्हीलर वाले BJP कार्यकर्ताओं, समर्थकों की लिस्ट भी तैयार करने को कहा गया है, ताकि रैली, सभाओं में चुनाव के दौरान पब्लिक को लाने-ले जाने में वाहनों की उपलब्धता आसानी से हो सके।

वोटर से कैसे संपर्क करेंगे BJP वर्कर

भाजपा संगठन ने वोटर लिस्ट के एक पेज में दर्ज 30 वोटर पर एक पन्ना प्रभारी के साथ पन्ना समिति बनाई है। पन्ना समिति के सदस्य अपने पेज में दर्ज 30 वोटर में से रोजाना दो मतदाताओं के घर चाय पीने जाएंगे। उनके हालचाल पूछेंगे। इसके बाद BJP के प्रति बन रहे माहौल की जानकारी देंगे। उन्हें यह भी बताएंगे कि मध्यप्रदेश में बहुमत से भाजपा की सरकार बन रही है।

बूथ पर 5 स्थानों पर दीवार लेखन

भाजपा ने सभी बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिए हैं कि हर बूथ के इलाके में कम से कम 5 स्थानों पर दीवार लेखना कराएं। दीवार पर कमल का फूल बनवाकर लिखवाएं- फिर एक बार-भाजपा सरकार।

Share This News :