सम्मेलन में हर दल से जुड़े समाज के लोगों को बुलाया जाना चाहिए था ;प्रदेशाध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाह
भाजपा OBC मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा ने अपनी ही पार्टी को घेरा है। भोपाल में हुए कुशवाहा समाज के प्रांतीय सम्मेलन में सिर्फ BJP नेताओं को ही बुलाने पर वे नाराज हैं। उनका तर्क है कि सम्मेलन में हर दल से जुड़े समाज के लोगों को बुलाया जाना चाहिए था।
8 अगस्त को भोपाल के MLA रेस्ट हाउस में हुई प्रांतीय कुशवाहा समाज मप्र की प्रदेशस्तरीय बैठक में नारायण सिंह नाराज दिखे। उन्होंने बैठक में कहा, 'BJP के लोग कुशवाहा समाज की नहीं सुनते। ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने भी मैं यह कह चुका हूं कि ये समाज BJP को वोट कैसे करेगा।'
नारायण सिंह मध्यप्रदेश के गृह राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने ग्वालियर के पार्षद शैलू कुशवाह की हत्या और कुशवाहा समाज के उत्पीड़न की घटनाओं पर कार्रवाई न होने का जिक्र भी किया। उनकी नाराजगी से BJP में चल रहा आंतरिक द्वंद्व खुलकर सामने आ गया है।31 जुलाई को भोपाल में कुशवाहा समाज के सम्मेलन में दो लाख लोगों को बुलाने का लक्ष्य दिया गया था। कितनी संख्या हुई? यह बात सबको पता है। कार्यक्रम हम लोग तय करें तो ठोस करें। पूरे प्रदेश का समाज एकजुट हो सकता है। केवल राजनीतिक स्वार्थों में अपनी रोटियां सेंकने में हमारे समाज के संगठन लग जाते हैं।हमने भी राष्ट्रीय स्तर पर समाज का संगठन चलाया है। प्रांतीय कुशवाहा समाज जब से मध्यप्रदेश में काम कर रहा है, तब यहां भी दो-तीन संगठन प्रदेश में चल रहे थे, सबको बैठाकर एक किया। बिहार में भी दो-तीन संगठन चल रहे थे, उधर भी जाकर लोगों को एक किया। राजस्थान में भी एक किया। जब तक हम सब लोग एक होकर अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे, तब तक ये राजनीतिक दल इस समाज को कमजोर समझते रहेंगे। उसका फायदा लेते रहेंगे। यह बात आप सब लोग समझ लें।कांग्रेस में हमारे समाज के चार - पांच विधायक हैं, उन्हें बुलाना था। बसपा के नेता हैं, उन्हें बुलाओ। उन्होंने (31 जुलाई के कार्यक्रम के आयोजक) ने कहा कि नहीं ऐसा नहीं होगा तो मैंने कहा कि जैसे तुम्हें करना है करो। इसका परिणाम यह हुआ कि इस कार्यक्रम में मुझे नहीं बुलाया, लेकिन सारे पोस्टर में मेरा फोटो लगाया। लोगों में गलत बात फैलाई गई कि हम भी शामिल हैं, लेकिन हम चुप रहे। हम कहीं कुछ पोस्ट डालें या कुछ कहें तो यह कहेंगे कि हमारा प्रोग्राम बिगाड़ रहे हैं।