BJP कार्यालय से हटाई गई भारत माता की प्रतिमा
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में भाजपा के पार्टी कार्यालय से नव स्थापित ‘भारत माता’ की प्रतिमा को हटा दिया गया। पुलिस और राजस्व अधिकारियों द्वारा सोमवार देर रात उठाए इस कदम से सत्तारूढ़ द्रमुक और भगवा दल के बीच एक नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई, जिन्होंने छह महीने लंबी ‘मेरी भूमि, मेरे लोग’ नामक पदयात्रा शुरू की है, वह बुधवार को ‘भारत माता’ की प्रतिमा का अनावरण करने वाले थे। बता दें, पार्टी नेताओं ने 9 से 11 अगस्त के बीच विरुधुनगर में प्रवेश करने वाली पदयात्रा से पहले जिला पार्टी मुख्यालय में काले पत्थर से बनी भारत माता की प्रतिमा स्थापित की थी। अधिकारियों द्वारा प्रतिमा हटाए जाने की पार्टी ने निंदा की है।
ना अनुमति के लगाई गई थी प्रतिमा
अरुप्पुकोट्टई राजस्व मंडल अधिकारी शिवकुमार और तहसीलदार भास्करन के नेतृत्व में अधिकारियों ने अनुमति प्राप्त किए बिना प्रतिमा की स्थापना को लेकर सवाल किया। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों को इसे हटाने का निर्देश दिया। हालांकि, नेताओं ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह प्रतिमा सार्वजनिक स्थान पर स्थापित नहीं की गई है। इसे एक निजी पट्टे की जमीन के अंदर स्थापित किया गया है।