किन-किन विधायकों को मिलेगा टिकट? प्रदेश अध्यक्ष ने कर दिया बड़ा खुलासा
छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्य विपक्षी दल बीजेपी पर छत्तीसगढ़ में सत्ता में आने के लिए ‘सांप्रदायिक और विभाजनकारी’ राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास राज्य सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। बैज ने कहा कि उनकी पार्टी उन सभी क्षेत्रीय दलों पर नजर रख रही है जो अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों, खासकर आदिवासी बहुल इलाकों में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों के मुद्दे पर सामूहिक रूप से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विधायकों के टिकट को लेकर भी बड़ी बात कही।अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित बस्तर लोकसभा सीट से 42 वर्षीय सांसद बैज को पिछले महीने आदिवासी विधायक मोहन मरकाम की जगह प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपना रही है। भाजपा का भाई को भाई से, एक जाति को दूसरी जाति से तथा एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाना ही एजेंडा है। वे उसी एजेंडे पर काम कर रहे है।’’किन विधायकों का कटेगा टिकट?
यह पूछे जाने पर कि क्या वह आगामी चुनावों को एक चुनौती के रूप में देखते हैं, उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक चुनाव एक चुनौती है चाहे वह विधानसभा का हो या पंचायत चुनाव। हमारी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। पार्टी का संगठन बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक काम कर रहा है। हमें कोई दिक्कत नहीं है।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या कुछ मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया जाएगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘अभी इसमें (चुनाव के लिए) समय है, समीकरण एक दिन या एक रात में बदल सकते हैं। कई विधायक अच्छा कर रहे हैं। जो लोग हमारे पास आ रहे हैं उनसे हम कह रहे हैं कि वह जमीनी स्तर पर काम करें। मेरे लिए इस पर और कुछ कहना जल्दबाजी होगी क्योंकि मुख्यमंत्री पिछले साढ़े चार वर्ष से काम कर रहे हैं, वह हर विधायक के संपर्क में हैं।’’