Home > राज्यो से ,
मौसी-भांजी चलती ट्रेन से गिरीं, एक की मौत

सीहोर स्थित पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम आश्रम से लौट रही 70 साल की महिला और उनकी भांजी चलती ट्रेन से गिर गईं। हादसे में मौसी की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि भांजी की हालत नजुक है। उन्हें इलाज के लिए नागपुर के एक अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया है। मामले में ऐशबाग पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मूलरूप से ग्राम पीपला नारायण जिला छिंदवाड़ा निवासी आशा बाई बिसेन (70) अपनी बहन की बेटी (50 साल) के साथ विगत पांच अगस्त को सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम आश्रम दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन करने के बाद दोनों मौसी-भांजी रविवार 6 अगस्त को ट्रेन से छिंदवाड़ा लौट रही थीं। उसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे वे दोनों चलती ट्रेन से ऐशबाग स्थित मोती नगर के पास रेलवे ट्रेक पर गिर गईं। दोनों महिलाओं के हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थी। आशा बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि उनके साथ आई भांजी को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस को घटनास्थल से महिलाओं के आधार कार्ड व एक डायरी में लिखे मोबाइल नंबर मिले थे। मोबाइल नंबर पर परिजनों से बात करने पर दोनों महिलाओं की पहचान हो सकी। पोस्टमॉर्टम के बाद आशा बाई का शव परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजन शव लेकर छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गए थे।

Share This News :