कांग्रेस अपनाएगी बीजेपी V/s बीजेपी की रणनीति:सिंधिया समर्थक मंत्रियों समेत 6 के खिलाफ खेलेगी 'BJP कार्ड'; बड़ी सेंधमारी की तैयारी
मध्यप्रदेश में मिशन 2023 के लिए कांग्रेस अब बीजेपी V/s बीजेपी की रणनीति अपनाएगी। कांग्रेस बीजेपी में सेंधमारी की कोशिश में जुटी है। उसकी नजर सत्ताधारी दल से नाराज नेताओं पर है। इनको तोड़कर कांग्रेस में शामिल कराया जाएगा। इनको शिवराज सरकार के मंत्रियों खासतौर से सिंधिया समर्थक मंत्रियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।कांग्रेस ये प्लान भी तैयार कर रही है कि बीजेपी अगर उपचुनाव हार चुके सिंधिया समर्थक मंत्रियों को टिकट देती है, तो उनके खिलाफ मजबूत उम्मीदवार को उतारा जाए।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2018 का इतिहास एक बार फिर खुद को दोहरा सकता है। जिस नीति के तहत भाजपा ने कांग्रेस की सरकार गिराई थी, उसी नीति पर कांग्रेस भी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।इस नीति पर अमल भी शुरू हो गया है। हाल में दतिया के बीजेपी नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अवधेश नायक कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस उन्हें विधानसभा चुनाव में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ उतार सकती है।
मंत्रियों के खिलाफ उम्मीदवार के लिए सेंधमारी
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, नवकरणीय ऊर्जा व पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग के खिलाफ चुनाव मैदान में उम्मीदवार उतारने के लिए कांग्रेस बीजेपी में सेंधमारी की तैयारी में है।
दावा- बीजेपी के कई नेता कमलनाथ और दिग्विजय के संपर्क में
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव की तैयारियों में दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। वे पिछले तीन महीने से जिलों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इस दौरान दो काम पर फोकस कर रहे हैं।
पहला- वे पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें कर आपसी मनमुटाव और नाराजगी दूर कर रहे हैं।
दूसरा- बीजेपी के नाराज नेताओं का स्थानीय स्तर पर फीडबैक लेकर उन्हें कांग्रेस में लाने में भूमिका भी निभा रहे हैं।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने दावा किया है कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के संपर्क में बीजेपी के कई बड़े नेता आ चुके हैं। इसमें कई विधायक भी हैं।
इन मंत्रियों के खिलाफ कांग्रेस का 'खेला'
जल संसाधन मंत्री व सांवेर से विधायक तुलसी सिलावट के सामने बीजेपी नेता राजेश सोनकर को खड़ा करने की कोशिश है। सोनकर से कांग्रेस के बड़े नेता संपर्क भी कर चुके हैं। साल 2018 में बीजेपी ने सिलावट के खिलाफ सोनकर को उतारा था, लेकिन वह 2,945 से हार गए थे।
2. भंवर सिंह शेखावत भाजपा से चल रहे नाराज
उद्योग मंत्री व बदनावर से विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के खिलाफ कांग्रेस भंवर सिंह शेखावत को उतारने की तैयारी कर रही है। शेखावत पिछले कुछ समय से भाजपा से नाराज चल रहे हैं।
2018 में बीजेपी ने दत्तीगांव के खिलाफ शेखावत को टिकट दिया था, लेकिन वे 41,506 से हार गए थे।
3. कांग्रेस साध रही शेजवार परिवार को
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के खिलाफ कांग्रेस शेजवार परिवार को साधने में लगी है। कांग्रेस चाहती है कि पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार के पुत्र मुदित शेजवार डॉ. चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़े। इसे लेकर बातचीत का दौर चल रहा है। 2018 में बीजेपी ने डॉ. चौधरी के खिलाफ मुदित को टिकट दिया था, लेकिन वे 10,813 से हार गए थे।
4. राधेश्याम पाटीदार भी भाजपा से नाराज
शिवराज सरकार में नवकरणीय ऊर्जा व पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग के सामने कांग्रेस राधेश्याम पाटीदार को उम्मीदवार बनाने की कोशिश में है। दरअसल, पाटीदार बीजेपी से नाराज चल रहे हैं। 2018 के चुनाव में पाटीदार को डंग ने महज 350 से हरा दिया था।
5. गृहमंत्री के सामने हो सकते हैं अवधेश नायक
दतिया के अवधेश नायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ 2008 में डबरा से उमा भारती की जनशक्ति पार्टी से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, इस चुनाव में अवधेश नायक हार गए थे। डॉ. मिश्रा ने 11 हजार से अधिक वोट से जीत दर्ज की थी। बीते दो चुनाव से अवधेश नायक को पार्टी से टिकट नहीं मिला, क्योंकि डॉ. मिश्रा यहां से चुनाव जीते हैं।
पार्टी ने उन्हें 2016 में पाठ्य पुस्तक निगम का उपाध्यक्ष बनाया था, लेकिन 2018 में उन्हें टिकट नहीं दिया। यह लगभग तय है कि इस चुनाव में भी डॉ. मिश्रा ही मैदान में होंगे। ऐसे में नायक ने कांग्रेस का रुख कर लिया। अब कांग्रेस उन्हें डॉ. मिश्रा के खिलाफ उतार सकती है।
6. धनौरा बढ़ाएंगे राजपूत की परेशानी
राजस्व व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सामने कांग्रेस पारुल साहू को मैदान में उतार सकती है। पारुल 2013 में बीजेपी से विधायक थीं। बाद में पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गईं। अब राजकुमार धनौरा के कांग्रेस में आने के बाद राजपूत की परेशानी और बढ़ सकती है। धनौरा ने 6 अगस्त को समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। उन्होंने मंत्री गोविंद राजपूत और उनके परिजनों पर प्रताड़ना के आरोप भी लगाए थे। उन्होंने राजपूत के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की थी।