Home > राज्यो से ,
राहुल गांधी के पक्ष में आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला विपक्षी गठबंधन के लिए क्यों बन सकता है सिरदर्द?

मोदी सरनेम केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुनाई गई थी, जिस पर बीते शनिवार सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी. यह रोक राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन में संजीवनी साबित हो सकती है. दरअसल सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब राहुल लोकसभा की सदस्यता वापस पाने के लिए अपील कर सकते हैं. इतना ही नहीं राहुल की सजा पर अगर लोकसभा चुनाव तक रोक रहती है, तो वे चुनाव भी लड़ सकते हैं. 

राहुल गांधी को मिली राहत के बाद अब 31 अगस्त और 1 सितंबर को INDIA गठबंधन की तीसरी और सबसे अहम बैठक होने जा रही है. मुंबई में होने वाली यह बैठक कांग्रेस के लिए काफी अहम है क्योंकि इसी बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों की शीट शेयरिंग पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है.

 

इसके अलावा देखा जाए तो गठबंधन में अन्य पार्टियों की तुलना में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है. साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में फिलहाल विपक्ष के सामने राहुल गांधी से बड़ा कोई और चुनावी चेहरा भी नहीं है. ऐसे में ये जानना दिलचस्प होगा कि 31 अगस्त को होने वाले बैठक में कांग्रेस, अपने साथी दलों के सामने क्या प्रस्ताव रखने वाली हैINDIA के संयोजक बनेंगे राहुल गांधी?

 

सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद माना जा रहा है कि अगली विपक्षी एकता की बैठक में कांग्रेस के सुर बदल सकते हैं. साथ ही ये भी माना जा रहा है कि इस फैसले ने विपक्षी गठबंधन INDIA में भी हलचल मचा दी है साथ ही ये नीतीश कुमार के लिए सिरदर्द भी बन सकता है. इस महीने के आखिरी में जब तीसरी बैठक होगी तब राहुल गांधी को राहत मिलने के कारण कांग्रेस भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अन्य दलों पर दबाव बना पाने की स्थिति में होगी. ये भी हो सकता है कि बैठक में राहुल गांधी को INDIA के संयोजक बनाने का भी प्रस्ताव रखा जाए. .

पीएम फेस के लिए भी INDIA के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं

 

विपक्षी दलों की दूसरी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस को पीएम फेस की रेस से अलग कर लिया था, लेकिन राहुल अगर लोकसभा चुनाव लड़ सकने की स्थिति में आ गए हैं तो पार्टी कभी नहीं चाहेगी कि कोई दूसरा पीएम पद की दावेदारी करे. 

 

इसके अलावा फिलहाल इंडिया के पास पीएम मोदी के विरोध में खड़ा करने के लिए राहुल जैसा मजबूत चेहरा नहीं है. बंगाल सीएम ममता जरूर पीएम चेहरा बनना चाहती हैं लेकिन बंगाल के सीएम होने के कारण उनकी प्राथमिकता बंगाल में ज्यादा से ज्यादा सीटें अपने नाम करने की होगी.

Share This News :