Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
देर रात बिना सायरन बजाए अर्चना कार्यालय पहुंचा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का काफिला

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान बुधवार रात मंदसौर में सिंचाई परियोजना के कार्यक्रम से लौटते वक्त इंदौर आए। इसके बाद वे अचानक रामबाग स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय अर्चना पहुंचे। उन्होंने संघ के पूर्व सरकार्यवाहक भैय्याजी जोशी, प्रांत प्रचारक बलिराम पटेल व अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे कार्यालय पर रुके। हालांकि सवाल पूछने पर मुख्यमंत्री ने इसे सामान्य चर्चा बताया और कहा कि सभी को मेरा नमस्कार, इसका चुनाव का कोई संबंध नहीं है।बताया जा रहा है कि मंदसौर, आगर-मालवा जिले को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा हुई। इन जिलों में संघ ने अपनी पकड़ और मजबूत की है। आमतौर पर मुख्यमंत्री का काफिला जब जाता है तो पायलेट वाहन के आगे सायरन बजाते हुए वाहन भी चलता है, लेकिन संघ कार्यालय तक मुख्यमंत्री का काफिला बगैर सायरन बजाए पहुंचा। तब उनके साथ स्थानीय नेता भी नहीं थे। वे संघ कार्यालय से बाहर निकले और एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

अर्चना कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री ने बंद कमरे में की बैठक

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अर्चना कार्यालय के बंद कमरे में स्वयंसेवक संघ के प्रचारकों से चर्चा की। चर्चा के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भोपाल रवाना हो गए। मुख्यमंत्री को आगर मालवा और मंदसौर से इंदौर आकर विमान से भोपाल जाना था। मुख्यमंत्री के इंदौर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता एयरपोर्ट पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं से कहा कि आप एयरपोर्ट पर इंतजार करो, मैं अर्चना कार्यालय होकर आता हूं।

Share This News :