BJP मेनिफेस्टो कमेटी की पहली मीटिंग:कांग्रेस का वचन पत्र लेकर बैठक में पहुंचे नेता
विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर बनाई गई बीजेपी के घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई। पूर्व वित्त मंत्री और मेनिफेस्टो कमेटी के चीफ जयंत मलैया ने इस बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मेनिफेस्टो कमेटी के सदस्य बने चंबल के एक नेता कांग्रेस का 2018 के चुनाव के पहले का वचन पत्र लेकर पहुंचे। कांग्रेस ने जिन वादों को 15 महीनों की सरकार में पूरा नहीं किया। पब्लिक को प्रभावित करने वाले उन मुख्य मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा हुई।
बैठक में मेनिफेस्टो कमेटी के चीफ जयंत मलैया, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ,मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, राज्यवर्धन सिंह, अजय प्रताप सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस कवींद्र कियावत, एसएनएस चौहान, दीपक विजयवर्गीय, अतुल सेठ, मनोज पाल यादव, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और डॉ. विनोद मिश्रा शामिल हुए।
ऑनलाइन, ऑफलाइन सुझाव लेगी बीजेपी
घोषणा पत्र तैयार करने के लिए पब्लिक से सुझाव लेने के लिए बीजेपी एक सिस्टम तैयार करेगी। आम लोग नेताओं, पदाधिकारियों के जरिए सुझाव दे सकेंगे। ऑनलाइन सुझाव मंगाने के लिए एक पोर्टल बनाने पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा- आज सबसे पहले इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे हम हर वर्ग से ये जानें कि वे मप्र के विकास के बारे में क्या सोचते हैं। उनके विचार आने के बाद उस पर चर्चा करेंगे। इसके बाद मुद्दे तय किए जाएंगे। हर संभाग और हर जिले से हम सुझाव लेंगे। फिजिकल बॉक्स लगाएंगे और ऑनलाइन सुझाव भी लेंगे। पहले सुझाव आएंगे फिर उन पर चर्चा होगी। सुझाव लेने का काम एक महीने में पूरा हो जाएगा। मेनिफेस्टो कमेटी के चीफ जयंत मलैया खुद हर संभाग स्तर पर जाएंगे और बैठकें करेंगे।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- आज घोषणा पत्र समिति की पहली मीटिंग थी। जन आकांक्षाओं को एकत्रित करते हुए हर व्यक्ति को कैसे हम अपने साथ जोड़ें। ऐसे सभी वर्गों को जोड़ने का काम करेंगे। अब यह स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनेगा इस परिकल्पना के आधार पर बीजेपी का मेनिफेस्टो बनेगा।