Home > राज्यो से ,
भूपेन्द्र,नरेन्द्र,वैष्णव ने ली मीडिया, सोशल मीडिया टीम की बैठक, कंट्रोल रुम का उद्घाटन किया

मप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अब फुल इलेक्शन मोड में हैं। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, अश्चिनी वैष्णव को प्रभार देने के साथ ही केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को मप्र की चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। तोमर की नियुक्ति के साथ ही बीजेपी अब जिलों में जिला चुनाव प्रभारी नियुक्त करेगी। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में भूपेन्द्र यादव, अश्विनी वैष्णव, नरेन्द्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हुई बैठक में जिला प्रभारियों के नामों पर मंथन हुआ। जल्द ही जिला चुनाव प्रभारियों की लिस्ट जारी होगी।

चुनाव न लड़ने वाले नेता होंगे जिला प्रभारी

बैठक में यह तय हुआ कि बीजेपी ऐसे नेताओं को जिला चुनाव प्रभारी बनाएगी। जो विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। संगठन के साथ ही इलेक्शन मैनेजमेंट का अनुभव रखने वाले नेताओं को जिला चुनाव प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। ये प्रभारी विधानसभा चुनाव तक अपने प्रभार के जिले में रहकर चुनाव प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने का काम करेंगे।

मीडिया और सोशल मीडिया टीम के काम काज को समझा

भूपेन्द्र यादव ने रविवार को मीडिया और सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मीडिया टीम के सभी प्रवक्ताओं से शैक्षणिक योग्यता, पुराने काम के अनुभव और मप्र की वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली। नेताओं ने प्रवक्ताओं और मीडिया टीम के पदाधिकारियों से मप्र के प्रमुख अखबारों, न्यूज चैनल, डिजिटल मीडिया प्लेटफार्म के बारे में भी जानकारी ली। सोशल मीडिया टीम के पदाधिकारियों से भी उनकी वर्किंग, कंटेंट क्रिएशन, पोस्ट शेयरिंग के बारे में जानकारी ली।

आगे कैसे बढ़ना है इस पर चर्चा हुई- तोमर

बैठक खत्म होने के बाद चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने मीडिया से चर्चा में कहा- भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों विषयों से संबंधित अपनी टीम के साथ बातचीत और चर्चा करती रहती हैं। आज भी कई विषयों पर बैठक कर चर्चा हुई है। आगे कैसे बढ़ना है इस पर भी निर्णय हुआ है। प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा- प्रियंका गांधी कांग्रेस की नेता है, वे आएं, चिंता की कोई बात नहीं है।

कंट्रोल रुम का उद्घाटन
प्रदेश की हर विधानसभा में निकाली जा रही संत रविदास रथयात्रा को लेकर प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Share This News :