मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर, 6 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से मानसून की गतिविधियों में और तेजी आने लगेगी।रीवा, शहडोल,जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल, सागर इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग के जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा भी हो सकती है। सिवनी, मंडला, बालाघाट, बैतूल,शिवपुरी, श्यौपुरकला जिले में भारी वर्षा हो सकती है।उधर रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नरसिंहपुर में 59,पचमढ़ी में 31,सीधी में 24, सिवनी में 13, भोपाल में सात, सतना, शिवपुरी में चार, रायसेन एवं दमोह में तीन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा में दो, सागर में एक, इंदौर में 0.6, धार एवं गुना में 0.5, ग्वालियर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। इससे पूर्व शनिवार-रविवार की दरमियानी रात टीकमगढ़ में 106, जबलपुर में 89.4, गुना में 77.3 मिलीमीटर वर्षा हुई।